भाई दूज पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश, अदिति ने भाइयों की सुख-समृद्धि के लिए की त्रिवेणी रोपित
भिवानी में भाई दूज के मौके पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। त्रिवेणी बाबा ने भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक इस पर्व का महत्व बताया। अदिति नेहरा ने सभी बहनों से भाइयों की लंबी उम्र के लिए त्रिवेणी लगाने की प्रार्थना की। हवलदार लोकराम नेहरा ने पर्वों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

जागरण संवाददाता, भिवानी। भाई दूज के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर इस पारंपरिक त्योहार को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए एक अनूठी पहल की गई। इस अवसर पर बहन-भाई के पवित्र रिश्ते के प्रतीक, भाई दूज के महत्व को समझाते हुए त्रिवेणी बाबा ने कहा कि यह पर्व बहन-भाई के प्रति विश्वास और प्रेम का होता है।
उन्होंने बताया कि इस दिन बहनें अपने भाईयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं। यह बात त्रिवेणी बाबा ने बुधवार को अदिति नेहरा के देश के सभी भाईयों की सुख-समृद्धि के लिए सिटी स्टेशन रोड पर त्रिवेणी रोपित करवाने के उपरांत कही।
इस अवसर पर अदिति नेहरा ने देश की सभी बहनों से एक विशेष प्रार्थना की। उन्होंने अनुरोध किया कि वे अगले भाई दूज तक अपने भाईयों की लंबी एवं स्वस्थ आयु के लिए कम से कम एक त्रिवेणी अवश्य लगाएं एवं उसकी देखभाल करें। यह त्रिवेणी रोपण भाई के प्रति प्रेम और उसकी दीर्घायु की कामना का एक नया और सार्थक माध्यम बनेगा, जो पर्यावरण को भी समृद्ध करेगा।
कार्यक्रम संयोजक हवलदार लोकराम नेहरा ने कहा कि आज हमें हर वर्ष मनाए जाने वाले पारंपरिक पर्वों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने जोर दिया कि तेजी से बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण की समस्या को देखते हुए ऐसे सामाजिक और भावनात्मक अवसरों का उपयोग जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किया जाना चाहिए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।