भिवानी: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, केस दर्ज
चरखी दादरी के रानीला गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान विशाल के रूप में हुई है, जो रोहतक जा रहा था। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विशाल के भाई विनय ने पुलिस को बयान दर्ज कराया है।
-1763919107228.webp)
भिवानी: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत। सांकेतिक फोटो
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले के गांव रानीला के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान रानीला निवासी करीब 27 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है।
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बौंद कलां थाना पुलिस ने केस दर्ज कर बाइक को टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विशाल बाइक पर सवार होकर शनिवार शाम को किसी काम से अपने गांव रानीला से रोहतक जा रहा था। उसी दौरान रानीला से आगे निकलकर पिलाना की ओर उसकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह बाइक सहित सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें लगी।
हादसे में लगी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक विशाल के छोटे भाई विनय के बयान दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।