वाह! रेलवे भी कमाल है... 100 की स्पीड वाले ट्रैक पर 25-45 KM की रफ्तार से दौड़ रहीं ट्रेनें, यात्री कैसे पहुंचे घर! !
भिवानी में रेलवे की अजीब स्थिति है। 100 किमी/घंटा की क्षमता वाले ट्रैक पर ट्रेनें 25-45 किमी/घंटा की गति से चल रही हैं। भिवानी-रोहतक की 49 किमी की दूरी तय करने में एक्सप्रेस ट्रेनों को 2 घंटे लगते हैं। यात्री परेशान हैं और रेलवे के अधिकारी कोई स्पष्टीकरण नहीं दे रहे हैं। कुछ ट्रेनों को भिवानी जंक्शन की बजाय सिटी स्टेशन से चलाया गया, लेकिन गति और कम हो गई।

सुरेश मेहरा, भिवानी। वाह! रेलवे भी कमाल है। 100 किलोमीटर प्रति घंटे स्पीड वाले ट्रैक पर 25 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से रेलगाड़ी दौड़ाई जा रही हैं। यात्रियों को यह हजम नहीं हो रहा आखिर ऐसा क्यों किया गया है। इसका कोई कारण भी नहीं बताया जा रहा है। भिवानी से रोहतक तक 49 किलोमीटर की दूरी है और यहां पर चल रही एक्सप्रेस गाड़ियां दो घंटे का समय ले रही हैं।
जबकि वही गाड़ी रोहतक से बहादुरगढ़ के लिए 40 किलोमीटर का सफर मात्र 25 मिनट में पूरा कर रही है। इतना ही नहीं गाड़ियों का रोहतक और दूसरे स्टेशनों पर एक से डेढ़ घंटे का ठहराव भी कर रही हैं। यात्री पूछ रहे हैं उनके साथ यह खिलवाड़ क्यों किया जा रहा है।
भिवानी रोहतक ट्रैक पर अप डाउन 12 गाड़ियां दौड़ रही
रेलवे अधिकारियों के अनुसार भिवानी से रोहतक ट्रैक पर अप डाउन 12 गाड़ियां दौड़ रही हैं। ये गाड़ियां हैं तो एक्सप्रेस और इनकी रफ्तार पैसेंजर से भी कम है। यात्रियों को घंटों लेट होना पड़ रहा है। इन स्पीड बढ़ाने और समय की बचत के लिए कुछ गाड़ियों को भिवानी जंक्शन की बजाय भिवानी सिटी स्टेशन से चलाया गया लेकिन स्पीड बढ़ाने की बजाय कम कर दी गई।
रेलगाड़ियां इस स्पीड से चल रही
गाड़ी का नाम: स्पीड प्रतिघंटा किलोमीटर
- अजमेर चंडीगढ़ गरीब रथ: 45
- एकता एक्सप्रेस: 45
- भिवानी तिलक ब्रिज एक्सप्रेस: 39
- बीकानेर हरिद्वार एक्सप्रेस: 26
- हिसार दिल्ली पैसेंजर: 36
- भिवानी रोहतक पैसेंजर: 33
- किसान एक्सप्रेस: 29
- भिवानी रोहतक पैसेंजर: 35
- गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस: 34
- भिवानी रोहतक एक्सप्रेस स्पेशल: 27
- कालिंदी एक्सप्रेस: 37
- त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस: 25
रेलवे ने गाड़ियों की स्पीड क्यों कम कर दी इसके बारे में कुछ बताया नहीं जा रहा है। यात्री हैं वे अपने गंतव्य पर पहुंचने के लिए घंटों लेट हो रहे हैं। अधिकारियों से इस बारे में पूछा जाता है तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। -डॉ. हरीश गोस्वामी, सदस्य रेलवे सलाहकार समिति
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।