वोट चोरी के मुद्दे पर हरियाणा में उबाल, कांग्रेस ने फूंका चुनाव आयोग का पुतला
हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेसियों ने बादशाहपुर में चुनाव आयोग का पुतला फूंका। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने चुनाव आयोग पर भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आयोग भाजपा के इशारों पर विपक्षी मतदाताओं के वोट काट रहा है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।

कांग्रेसियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और चुनाव आयोग का पुतला दहन किया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। हरियाणा विधानसभा चुनाव में हुई वोट चोरी को लेकर कांग्रेस में उबाल बढ़ रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत उजागर करने के समर्थन में गुरुवार को भी कांग्रेसियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और बादशाहपुर क्षेत्र स्थित वाटिका चौक पर चुनाव आयोग का पुतला दहन किया है। आरोप लगाए कि भाजपा के साथ मिलकर चुनाव आयोग देश के लोकतंत्र की हत्या करने में शामिल है।
इस मौके पर पहुंचे हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग अपने सांविधानिक दायित्वों का पालन करने की बजाय भाजपा के एजेंट के रूप में कार्य कर रहा है। चुनाव आयोग का गठन देश के प्रत्येक नागरिक की मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी, आसान व निष्पक्ष बनाने के लिए हुआ था, लेकिन आज चुनाव आयोग अपनी जिम्मेदारी को निभाने की बजाय भाजपा का सहारा बनकर रह गया है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग को जनता के मतदान अधिकार की रक्षा करनी थी, लेकिन भाजपा के इशारों पर आयोग काम कर रहा है। भाजपा के पक्ष में वोट बढ़ाने और विपक्षी मतदाताओं के वोट काटने का काम किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में वोट चोरी के कारण भाजपा की सरकार बनी है। भाजपा संविधान व लोकतंत्र को कुचलने में लगी हुई है, जिसे किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष व बादशाहपुर से प्रत्याशी रहे वर्धन यादव ने कहा कि भाजपा ने 74062 चोरी कर बादशाहपुर बिधानसभा जीती है। भाजपा ने हरियाणा ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश की चलती हुई सरकार को चुरा लिया था। वहीं शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि बिहार चुनाव के मतदान से पहले राहुल गांधी द्वारा किए गए पर्दाफाश से भाजपा बुरी तरह से बौखला गई है। अब भाजपा अनाप-शनाप बयानावाजी कर रही है। जनता सब जानती है और भाजपा के बहकावे में आने वाली नहीं है।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता मोहित ग्रोवर, पर्ल चौधरी, सुधीर चौधरी, सुनीता सहरावत, पूजा शर्मा, सीमा पहुजा, नीरज यादव, कांग्रेस अनुसूचित विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल धानक, मनोज कुमार, पीसीसी मेम्बर पंकज भारद्वाज, कुलदीप गुज्जर, सतबीर पहलवान आदि मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।