भारी बारिश से गुरुग्राम में बाढ़ जैसी स्थिति, वर्षा ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड; 2020 के बाद इस साल जमकर बरसे बादल
गुरुग्राम में मानसून की सक्रियता से बीते पांच सालों का बारिश का रिकॉर्ड टूट गया है। जुलाई में 251 एमएम और अगस्त में 247.5 एमएम वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सितंबर के पहले सप्ताह में भी बारिश का अनुमान जताया है। इससे पहले 2020 में इतनी बारिश हुई थी। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ ने 15 सितंबर तक मानसून के सक्रिय रहने की बात कही है।

संदीप रतन, गुरुग्राम। मानसून में लगातार हो रही बारिश ने पिछले पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वर्ष 2020 के बाद पूरा जुलाई और अगस्त का महीना वर्षा की फुहारों से भीगा रहा। सितंबर की शुरुआत हो गई है और बारिश अभी थमी नहीं है।
मौसम विभाग ने इस महीने में भी वर्षा होने की चेतावनी जारी की है। जुलाई में 251 एमएम और अगस्त में 247.5 एमएम वर्षा हो चुकी है। इससे पहले भारी वर्षा साल 2020 में हुई थी। तब जुलाई में 150 एमएम और अगस्त मेंं 292.3 एमएम वर्षा हुई थी।
मानसून सक्रिय होने के बाद जून और जुलाई में सबसे ज्यादा वर्षा होती है। पिछले वर्षोंं की अगर बात करें तो अगस्त के महीने में गुरुग्राम में ज्यादा वर्षा हुई है। इस बार भी अगस्त में ज्यादा दिन तक वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार तीन और चार सितंबर को क्षेत्र में फिर से वर्षा होने का अनुमान है। सात सितंबर तक बीच -बीच में बूंदाबांदी या हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 15 सितंबर तक एनसीआर सहित प्रदेशभर में मानसून सक्रिय रहता है। कई बार वापस लौटता मानसून भी अच्छी वर्षा करता है।
2010 में भी हुई थी झमाझम वर्षा
मौसम विभाग के आंकड़ाें के अनुसार जुलाई 2010 में 330.8 एमएम और अगस्त में 380.5 एमएम वर्षा हुई थी। इससे पहले वर्ष 2000 में जुूलाई में 223.7 एमएम और 142.0 एमएम वर्षा हुई थी।
वर्ष 2003 में जुलाई में 312 एमएम और अगस्त मेंं 304.5 एमएम वर्षा रिकार्ड हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2021 में सितंबर और अक्टूबर में भारी वर्षा हुई थी। इस साल सितंबर में 228 एमएम और अक्टूबर में 225 एमएम वर्षा दर्ज की गई थी।
मौसम विभाग के अनुसार सितंबर के पहले सप्ताह में वर्षा होने का अनुमान है। इस दौरान बीच- बीच में वर्षा होती रहेगी। 15 सितंबर तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहता है।
डॉ. मंजीत, माैसम विशेषज्ञ कृषि विज्ञान केंद्र शिकोहपुर (गुरुग्राम)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।