'वोट-चोर, गद्दी छोड़' अभियान के तहत जींद में कांग्रेस का कैंडल मार्च, BJP और EC पर लगाया मिलीभगत का आरोप
जींद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के मुद्दे पर कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषिपाल हैबतपुर ने भाजपा पर चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत लोकतंत्र के लिए खतरा है। राहुल गांधी ने भी भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया है। कैंडल मार्च टाउन हाल से रानी तालाब तक निकाला गया।

जींद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के मुद्दे पर कैंडल मार्च निकाला (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, जींद। वोट चोरी के मुद्दे को लेकर बुधवार शाम को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टाउन हाल से रानी तालाब तक कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कैंडल मार्च से पहले टाउन हाल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि हरियाणा में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में काफी सीट कांग्रेस कुछ वोटों के अंतर से हारी है।
यह भाजपा की योजना का हिस्सा था। माहौल कांग्रेस के पक्ष में था, जबकि परिणाम भाजपा के पक्ष में आए। अब भाजपा का यह खेल भी देश की जनता के सामने उजागर हो चुका है। इसे देश के मतदाता कभी भी भाजपा को माफ नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा तथा चुनाव आयोग के बीच की वोटों को लेकर मिलीभगत लोकतंत्र के लिए खतरा है। भाजपा विपक्ष की आवाज दबाने के लिए हथकंडे तो पहले ही अपनाती रही है। व्यापारी, आमजन, मजदूर, किसान का शोषण भाजपा करती आ रही है। ओच्छे हथकंडे अपना कर सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करती रही है।
चंद पूंजीपतियों की झोली भाजपा सरकार भरती रही है। अब वोट चोरी ने लोकतंत्र प्रणाली पर ही सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने साफ कर दिया है कि भाजपा चुनाव आयोग के बीच वोटों को लेकर मिलीभगत है।
इसी के बलबूते भाजपा अपनी सरकार बनाती आ रही है। सीधे तौर पर भाजपा वोटों की चोरी कर रही है। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता कैंडल मार्च निकालते हुए शहर थाना, गांधी गली, एसडी स्कूल से होते हुए रानी तालाब पर पहुंचे। इस दौरान काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।