Jind News: मजदूरों से भरा टेंपो पलटा, दो की मौत और 18 घायल
जींद के पास एक टेंपो दुर्घटना में बिहार के दो मजदूरों की मौत हो गई और 18 घायल हो गए। ये मजदूर धान कटाई के लिए सोनीपत जा रहे थे। तेज रफ्तार के कारण टेंपो पलट गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
-1760796891702.webp)
मजदूरों से भरा टेंपो पलटा, दो की मौत। सांकेतिक फोटो
जागरण संवाददाता, जींद। निडानी गांव के पास शुक्रवार रात टेंपो के पलटने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान बिहार राज्य के जिला सुपौल के गांव सितुहर के 25 वर्षीय मिथलेस और रामदत्त के रूप में हुई। मजदूर जींद से सोनीपत के गांव भांवड़ में धान कटाई के लिए जा रहे थे। हादसा टेंपो की स्पीड ज्यादा होने से हुआ। सदर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव स्वजन को सौंप दिया।
गांव सितुहर से 20 मजदूर जींद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम को पहुंचे थे। इनको यहां से सोनीपत जिले के गांव भांवड़ जाना था। इन्होंने पहले खाना खाया और रात को टेंपो (टाटा ऐस) किराये पर लिया। जब इनका टेंपो निडानी गांव के पास पहुंचा तो तेज रफ्तार होने से उसका संतुलन बिगड़ गया।
चालक से टेंपो नियंत्रित नहीं हुआ और वह सड़क से नीचे जाकर पलट गया। इस दौरान चालक फरार हो गया। इसमें मिथलेस व रामदत्त गंभीर रूप से घायल हो गए व अन्य को मामूली चोट आई। घायलों को नागरिक अस्पताल में लाया गया।
जहां मिथलेस की मौत हो गई। रामदत्त को पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। मिथलेश के पिता रामबहादुर ने पुलिस को बताया कि 20 मजदूर बिहार से धान कटाई के लिए आए थे। सभी को गांव भांवड़ जाना था।
जो टेंपो उन्होंने किराए पर लिया था, उसका चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। उसे कई बार आराम से चलाने के लिए भी कहा, लेकिन वह नहीं माना। सदर थाना के जांच अधिकारी सुलतान सिंह ने बताया कि फरार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।