Haryana Politics: कांग्रेस की सभी जिला कार्यकारिणी का जल्द होगा गठन, संभावित सदस्यों की मांगी लिस्ट
हरियाणा कांग्रेस जल्द ही जिला कार्यकारिणी का गठन करेगी। जिलाध्यक्षों से भावी पदाधिकारियों की लिस्ट मांगी गई है। पार्टी सभी वर्गों को शामिल कर संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है। ब्लॉक स्तर पर भी कमेटियां बनेंगी। प्रदेश अध्यक्ष का चयन भी जल्द होगा। राहुल गांधी के आने पर हाईकमान की बैठक में इस पर फैसला होगा।

राज्य ब्यूरो, पंचकूला। संगठन सृजन की दिशा में आगे बढ़ रही कांग्रेस जल्द ही जिला कार्यकारिणी का भी गठन करने जा रही है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने नवनियुक्त जिलाध्यक्षों ने भावी पदाधिकारियों की लिस्ट मांगी है। इसी सप्ताह जिलाध्यक्ष संभावित सदस्यों की लिस्ट तैयार कर भेज देंगे।
उसी लिस्ट और पहले पैनल में लिए गए छह में से पांच नामों को पदाधिकारियों की सूची में शामिल करने के बाद संगठन की ओर से जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की जानी है। मंथन होने के बाद ही संगठनात्मक 33 जिलों की कार्यकारिणी की तैयार की जानी है। पार्टी के एक नेता ने कहा यह कार्य इसी सप्ताह पूरा कर लिया जाना है।
पार्टी एक कार्यकारी जिलाध्यक्ष के साथ-साथ छह उपाध्यक्ष और दो महामंत्री चार सचिव तथा अन्य पदाधिकारी के फार्मूले पर आगे काम करेगी। संगठन मजबूत हो इसके लिए जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए जाएंगे कि सभी जाति वर्ग के लोगों को शामिल किया जाए।
कार्यकारिणी में शामिल होने के लिए पार्टी कार्यकर्ता जिलाध्यक्षों से संपर्क भी करने लगे हैं। युवाओं में अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने बताया कि संगठन को खड़ा करने की ओर पार्टी बहुत तेजी से काम कर रही है।
जिला कार्यकारिणी बनाने के बाद ब्लाक स्तर पर भी एक कमेटी बनेगी जो बूथ लेबल पर काम करेगी। उन्होंने कहा कि 11 साल बाद हरियाणा में संगठन खड़ा हो रहा है तो उसे मजबूत बनाने में कोई कसर नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष का चयन भी कर लिया जाएगा।
राहुल गांधी बिहार दौरे पर हैं। उनके आते ही चयन प्रक्रिया को लेकर पार्टी हाईकमान की बैठक होगी जिसमें प्रदेश के सभी बड़े नेता शामिल होंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।