हरियाणा: राहुल गांधी के 'हाइड्रोजन बम' से छिड़ी वोट चोरी पर बहस, सिर्फ कांग्रेस ही नहीं BJP ने भी मामूली वोटों से हारी ये 7 सीटें
हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों को करीबी हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस भाजपा से आठ सीटें हारी, जबकि भाजपा कांग्रेस से सात सीटें हारी। राहुल गांधी ने वोटों की चोरी का आरोप लगाया, जिसे भाजपा ने खारिज कर दिया। उचाना कलां सीट पर बृजेंद्र सिंह की हार का मामला सुप्रीम कोर्ट में है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई, जिससे कई सीटों पर जीत-हार का अंतर कम रहा।

कांग्रेस से भाजपा सात सीटें 12 हजार 592 मतों के अंतर से हारी (फोटो: जागरण)
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में एक साल पहले हुए विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों को लेकर राजनीतिक गलियारों में फिर बहस छिड़ गई है।
पिछले साल अक्टूबर में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ही नहीं, भाजपा भी नजदीकी मुकाबलों में कई सीटें हार गई थी। हरियाणा में कांग्रेस भाजपा से आठ विधानसभा सीटें 22 हजार 779 मतों से हार गई, जबकि डबवाली में इनेलो से 610 मतों से हार मिली।
इसी तरह भाजपा भी कांग्रेस से सात सीटें 12 हजार 592 मतों के अंतर से हार गई थी। दरअसल भाजपा ने अक्टूबर 2024 में विधानसभा चुनाव के दौरान 55 लाख वोट हासिल कर 48 विधानसभा सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाई थी, जबकि कांग्रेस ने 54 लाख वोट प्राप्त करते हुए 37 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की।
उचाना कलां, चरखी दादरी, होडल, सफीदो, घरौंडा, असंध, राई और खरखौदा विधानसभा सीटों पर कांग्रेस भाजपा से साढ़े पांच हजार से भी कम वोटों से चुनाव हारी। इसी तरह भाजपा सात विधानसभा सीटें लोहारू, आदमपुर, पंचकूला, सढ़ोरा, रोहतक, थानेसर और फतेहाबाद विधानसभा सीटों पर साढ़े तीन हजार से कम मतों के अंतर से चुनाव हार गई।
राहुल गांधी का आरोप है कि हरियाणा में वोटों की चोरी नहीं हुई होती तो कांग्रेस यह सीटें जीतती और राज्य में उसकी सरकार बनती। वहीं, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पलटवार करते हुए कहा है कि वोटों की चोरी सिर्फ हार को छिपाने का बहाना है।
यदि वोटों की चोरी हुई होती तो भाजपा सात सीटें इतने मामूली अंतर से क्यों हारती। भाजपा को यदि 22 हजार वोट और मिल जाते तो राज्य में पार्टी 22 सीटें और जीत जाती।
उचाना कलां विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह भाजपा के देवेंद्र अत्री से सिर्फ 32 वोटों से चुनाव हार गए थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह ने बैलेट पेपर के मतों की दोबारा गिनती के लिए हाई कोर्ट में केस दायर कर रखा है।
हाई कोर्ट ने बैलेट पेपर के मतों की दोबारा गिनती की मंजूरी दे दी थी, जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट चला गया। सुप्रीम कोर्ट ने अभी इस पर स्टे लगाया हुआ है।
लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच मात्र पांच महीने में हरियाणा में चार लाख 16 हजार 103 मतदाता बढ़े। मई 2024 में लोकसभा चुनाव में एक करोड़ 99 लाख 38 हजार 247 मतदाता थे, जो विधानसभा चुनाव में दो करोड़ तीन लाख 54 हजार 350 हो गए।
यानी कि औसतन हर विधानसभा क्षेत्र में 4,623 मतदाता जुड़े। इसका राजनीतिक महत्व इसलिए है, क्योंकि 12 विधानसभा सीटों पर जीत-हार का अंतर 4,623 वोट से कम रहा है।
- उचाना में भाजपा के देवेंद्र अत्री ने कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह को 32 वोटों से हराया
- इनेलो के आदित्य देवीलाल ने डबवाली सीट पर कांग्रेस के अमित सिहाग को 610 मतों से हराया
- दादरी में भाजपा के सुनील सतपाल सांगवान ने कांग्रेस की मनीषा सांगवान को 1,957 मतों से हराया
- असंध में कांग्रेस के शमशेर गोगी को भाजपा के योगेंद्र राणा ने 2306 मतों से हराया
- अटेली में भाजपा की आरती राव ने कांग्रेस के अतरलाल को 3085 मतों से हराया
- होडल में हरियाणा कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष उदयभान भाजपा के हरजिंदर सिंह से 2595 मतों से चुनाव हार गए
- महेंद्रगढ़ में कांग्रेस के राव दान सिंह भाजपा के कंवर सिंह से 2648 मतों के अंतर से चुनाव हारे
- राई में भाजपा की कृष्णा गहलावत ने कांग्रेस के जयभगवान अंतिल को 4673 मतों से हराया
- खरखौदा में भाजपा के पवन खरखौदा ने कांग्रेस के जयवीर वाल्मीकि को 5635 मतों के अंतर से हराया।
भाजपा के यह प्रत्याशी नजदीकी मुकाबलों में हारे
- लोहारू में कांग्रेस के राजबीर फरटिया ने भाजपा के जय प्रकाश दलाल को 792 वोटों से हराया
- आदमपुर में कांग्रेस के चंद्र प्रकाश ने भाजपा के भव्य बिश्नोई को 1,268 मतों के अंतर से हराया
- पंचकूला में कांग्रेस के चंद्र मोहन बिश्नोई ने भाजपा के ज्ञान चंद गुप्ता को 1,997 मतों के अंतर से हराया
- सढ़ोरा में कांग्रेस की रेणुबाला ने भाजपा के बलवंत सिंह सढ़ोरा को 1699 मतों के अंतर से हराया
- रोहतक में कांग्रेस के बीबी बत्रा ने भाजपा के मनीष ग्रोवर को 1341 मतों से हराया
- थानेसर में कांग्रेस के अशोक अरोड़ा ने भाजपा के सुभाष सुधा को 3243 मतों से हराया
- फतेहाबाद में कांग्रेस के बलवान सिंह दौलतपुरिया ने भाजपा के चौधरी दूड़ाराम को 2252 मतों से हराया

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।