Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Haryana Politics: विधानसभा चुनाव में हारी सीटों पर मंथन में जुटी BJP, मोहन लाल बडौली और CM नायब फिर करेंगे समीक्षा

    Updated: Sat, 16 Aug 2025 05:10 PM (IST)

    भाजपा मिशन 2029 के लिए तैयारियों में जुटी है। पार्टी ने विधानसभा चुनाव में हारी सीटों पर मंथन के लिए 19 अगस्त को बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली हार के कारणों की समीक्षा करेंगे। बैठक में चुनाव हारे नेताओं के साथ जिला अध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इसका उद्देश्य विधानसभा सत्र में विपक्ष को जवाब देना है।

    Hero Image
    विधानसभा चुनाव में हारी सीटों पर मंथन में जुटी भाजपा। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मिशन 2029 की कार्ययोजना बनाने में जुटी भाजपा ने फिर से विधानसभा चुनाव में हारी सीटों पर मंथन के लिए 19 अगस्त को बैठक बुलाई है। चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी निवास संत कबीर कुटी में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली हार के कारणों की समीक्षा करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बैठक में चुनाव हारे सभी नेताओं के साथ ही जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारी और प्रदेश पदाधिकारियों को बुलाया गया है। विधानसभा का मानसून सत्र 22 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। ऐसे में मंगलवार को बुलाई गई भाजपा पदाधिकारियों की बैठक कई मायनों में खास होगी।

    इस दौरान न केवल संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी, बल्कि सरकारी योजनाओं पर धरातल पर हुए कामों की ग्राउंड रिपोर्ट भी ली जाएगी, ताकि सदन में विपक्ष के हर वार का जवाब आंकड़ों के साथ दिया जा सके। इसके बाद पंचकूला में भाजपा कार्यालय में मन की बात कमेटी की भी बैठक होगी।

    राज्य में परिसीमन के बाद विधानसभा सीटों की संख्या 90 से बढ़कर 126 होने का अनुमान है। इस लिहाज से मंत्रियों एवं विधायकों को हारे हुए विधानसभा क्षेत्रों में काम करने की जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने वाली भाजपा ने उन सभी 42 विधानसभा क्षेत्रों में 12 मंत्रियों और 30 विधायकों को प्रभारी बनाया है, जहां पार्टी प्रत्याशी चुनाव हारे थे।

    मंत्रियों की ड्यूटी इस हिसाब से लगाई गई है, जिससे कि भाजपा चौटाला के प्रभाव वाले सिरसा और फतेहाबाद एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रभाव वाले रोहतक का किला भेद सके। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को सिरसा, डा. अरविंद शर्मा को गढ़ी सांपला किलोई और महीपाल ढांडा को गुहला चीका विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी दी गई है। राजस्व मंत्री विपुल गोयल रोहतक संभालेंगे।

    पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बंसी लाल और चौधरी भजन लाल के पारिवारिक सदस्यों किरण चौधरी, श्रुति चौधरी, कुलदीप बिश्नोई और भव्य बिश्नोई भी अहम भूमिका में होंगे। श्रुति चौधरी को ऐलनाबाद और कृष्ण लाल पंवार को आदमपुर विधानसभा सीटें दी गई हैं।

    गढ़ी सांपला किलोई से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस के विधायक हैं, जिसकी जिम्मेदारी मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा को सौंपी गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पुराने विधानसभा क्षेत्र नारायणगढ़ की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा को सौंपी गई है। डबवाली में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम काम करेंगे।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण समेत छह भाजपा विधायकों को इस जिम्मेदारी से अलग रखा गया है क्योंकि मुख्यमंत्री के पास पूरे राज्य की जिम्मेदारी है और विधानसभा अध्यक्ष का पद संवैधानिक होता है।