Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गीता जयंती के लिए महाभारत थीम पर सजाया जा रहा कुरुक्षेत्र, 24 देशों को आमंत्रण; रिंग रोड के लिए तैयार मेगा प्लान

    Updated: Mon, 03 Nov 2025 06:05 PM (IST)

    कुरुक्षेत्र को अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के लिए महाभारत थीम पर सजाया जा रहा है। मुख्य चौराहों का नामकरण महाभारत के पात्रों पर होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में रिंग रोड योजना पर तेजी से काम करने की बात कही। महोत्सव में 24 देशों को निमंत्रण भेजा गया है, और यू-ट्यूब चैनल पर पसंदीदा श्लोक साझा करने पर एक लाख का पुरस्कार मिलेगा।

    Hero Image

    अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के लिए महाभारत थीम पर सजाई जा रही धर्मनगरी (फोटो: जागरण)

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के लिए धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को महाभारत थीम पर सजाया जा रहा है। मुख्य चौराहों का नामकरण महाभारत के पात्रों के नाम पर किया जाएगा।

    पूरे शहर में महाभारत कालीन चित्रकारी करवाई जा रही है। यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक उस युग की रोचक घटनाओं को जीवंत रूप में अनुभव करेंगे।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कुरुक्षेत्र में रिंग रोड की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। इसकी विस्तृत कार्ययोजना रिपोर्ट (डीपीआर) लगभग तैयार हो चुकी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुरुक्षेत्र के विकास के लिए 250 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जिससे धर्मनगरी को नया स्वरूप मिल रहा है। ज्योतिसर में महाभारत कालीन घटनाओं पर आधारित अनुभव केंद्र बनकर लगभग तैयार है।

    मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के लिए विदेश मंत्रालय के माध्यम से 24 देशों को निमंत्रण दिए जा चुके हैं। महोत्सव में शामिल होने के लिए फिजी और त्रिनिदाद एवं टोबेगो से 20 पंडित दो दिन के लिए कुरुक्षेत्र आ रहे हैं।

    26 से 30 नवंबर तक पुरुषोत्तमपुरा बाग में पद्म विभूषण सम्मानित रामभद्राचार्य द्वारा जियो गीता के तत्वावधान में कथा का आयोजन किया जाएगा। 29 नवंबर को पुरुषोत्तमपुरा बाग में संत सम्मेलन होगा, जिसमें देश के प्रख्यात संत मिलकर गीता एवं अध्यात्म विषय पर चर्चा करेंगे।

    महोत्सव के दौरान सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा एक यू-ट्यूब चैनल भी चलाया जाएगा। इस पर श्रद्धालु श्रीमद्भगवद गीता में ‘मेरा पसंदीदा श्लोक’ एवं उस श्लोक से उनके जीवन में आए बदलाव पर अपना अनुभव साझा कर सकेंगे।

    सबसे ज्यादा देखे जाने वाली विडियो क्लिप को महोत्सव के समापन समारोह में एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। महोत्सव के दौरान पुस्तक मेले, कल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, शिल्प मेला, फन फेयर व ‘बलराम’ कुश्ती दंगल का आयोजन भी करवाया जाएगा।

    इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा. अमित कुमार अग्रवाल, विभाग के महानिदेशक के मकरंद पांडुरंग, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय सहित कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

    केंद्र सरकार की परियोजना कृष्णा सर्किट से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र अब सिर्फ तीर्थ नहीं, बल्कि वैश्विक आकर्षण का केंद्र बनेगा। योजना के तहत पिंजौर में पिंजौर गार्डन के जीर्णोद्धार के साथ टिक्कर ताल का भी सौंदर्यीकरण करने की योजना है।