Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Haryana Politics: नए जिलाध्यक्षों को पावरफुल करेंगे राहुल गांधी, बुलाया दिल्ली; 10 दिनों की मिलेगी ट्रेनिंग

    Updated: Mon, 18 Aug 2025 07:09 PM (IST)

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी हरियाणा कांग्रेस के 32 नए जिलाध्यक्षों से मिलेंगे। उन्हें 10 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा जिसकी तारीख 24 अगस्त को तय होगी। राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को भाजपा का सामना करने और संगठन को मजबूत करने के टिप्स देंगे। बीके हरिप्रसाद ने कहा कि नए जिलाध्यक्ष पार्टी की रीढ़ बनेंगे।

    Hero Image
    हरियाणा के जिलाध्यक्षों को पावरफुल करेंगे राहुल गांधी। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़।  लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी हरियाणा कांग्रेस के उन 32 जिलाध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे, जिन्हें हाल ही में पार्टी की कमान सौंपी गई है। पानीपत ग्रामीण के जिलाध्यक्ष का अभी फैसला नहीं हो पाया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी जिलाध्यक्षों को राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ संवाद के लिए 24 अगस्त को दिल्ली बुलाया गया है। इसी दिन मध्यप्रदेश के जिलाध्यक्षों के साथ भी राहुल गांधी संवाद करेंगे।

    सभी जिलाध्यक्षों को 10 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा

    कांग्रेस के सभी जिलाध्यक्षों को 10 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसकी तारीख और स्थान 24 अगस्त को होने वाले संवाद कार्यक्रम में तय किए जाएंगे। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत हरियाणा में करीब 11 साल के लंबे अंतराल के बाद जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां की गई हैं। अधिकतर जिलाध्यक्ष नये और युवा चेहरे हैं।

    केंद्रीय पर्यवेक्षकों द्वारा तैयार किए गए छह-छह नामों के पैनल की कसौटी पर खरा उतरते हुए यह जिलाध्यक्ष बने हैं। अब राहुल गांधी इन जिलाध्यक्षों को इस तरह से तैयार करना चाहते हैं, ताकि वे फील्ड में भाजपा के प्रहारों का न केवल सामना कर सकें, बल्कि तथ्यों व आंकड़ों के साथ जवाब भी दे पाएं।

    खरगे और राहुल गांधी दोनों जिलाध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे

    राहुल गांधी यह पहले ही कह चुके हैं कि कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पावरफुल होंगे और उन्हें टिकटों के आवंटन का पूरा अधिकार होगा। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने 24 अगस्त की बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी दोनों जिलाध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे।

    उसी दिन तय होगा कि जिलाध्यक्षों के लिए रेजीडेंशियल प्रशिक्षण कब और कहां दिया जाए। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि कांग्रेस जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 दिन का होगा। यह प्रशिक्षण हरियाणा से बाहर भी हो सकता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी जिलाध्यक्षों को भाग लेना अनिवार्य रहेगा।

    हरिप्रसाद ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष खरगे और राहुल गांधी 24 अगस्त को दिल्ली स्थित इंदिरा भवन (कोटला मार्ग) पर एक दिवसीय संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह साढ़े नौ बजे से आरंभ हो जाएगा, जो कि शाम सात बजे तक चलेगा।

    गुटबाजी से दूर करने के देंगे टिप्स

    राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को यह बताएंगे कि संगठन को बूथ स्तर तक कैसे मजबूत किया जाए। जनता के मुद्दों को उठाने, जिलों में आंदोलन करने तथा किसी भी तरह की गुटबाजी से दूर करने के टिप्स भी राहुल गांधी और खरगे की ओर से जिलाध्यक्षों को प्रदान किए जाएंगे।

    बीके हरिप्रसाद का दावा है कि संगठन सृजन अभियान’ के तहत चुने गए जिला अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ साबित होंगे और प्रदेश की जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। जिलाध्यक्षों के साथ संवाद के दौरान पार्टी के राज्यस्तरीय प्रमुख नेताओं के भी रहने की संभावना है।