Rewari Weather: रेवाड़ी में बदला मौसम का मिजाज, सुबह से हो रही बूंदाबांदी से बढ़ी ठंड
रेवाड़ी में फरवरी के पहले हफ्ते में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार सुबह से बूंदाबांदी हो रही है जिससे ठंडक बढ़ गई है। पिछले चार दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इस बारिश से गेहूं और सरसों की फसलों को फायदा होगा। मौसम विभाग ने पांच फरवरी तक मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। फरवरी माह के पहले सप्ताह में मौसम उतार चढ़ाव भरा बना हुआ है। मंगलवार को सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। इससे ठंडक बढ़ गई है। चार दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
पहले दिन की शुरुआत घना कोहरा के साथ हुई थी। माह के पहले दिन अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। न्यूनतम तापमान भी 10.5 डिग्री सेल्सियस से दिन की शुरुआत हुई थी।
फिर तापमान में कुछ कमी होने लगी और ठंडक की स्थिति बनने लगी। सोमवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस था जबकि अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
फसलों को होगा फायदा
मंगलवार को सुबह से बूंदाबांदी होने से फसलों के लिए बेहतर स्थिति है। गेहूं और सरसों दोनों के लिए अभी हल्की सर्दी और बूंदाबांदी की आवश्यकता है। चार दिन पहले तक मौसम मार्च माह जैसी गर्मी का अहसास कराने लगी थी।
31 जनवरी को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार फसलों के लिए सर्दी की अभी जरूरत है। तापमान का ज्यादा बढ़ना पैदावार प्रभावित हो सकता है।
जनवरी माह में कभी घना कोहरा तो कभी बूंदाबांदी के बाद गलन भरी सर्दी पड़ रही थी। मौसम विभाग ने पांच फरवरी तक मौसम इसी प्रकार का बने रहने की संभावना जताई है।
मौसम में ठंडक से किसान खुश
मौसम में ठंडक और नमी की मात्रा बढ़ने से किसान भी खुश हुए। तापमान में बढ़ोतरी के साथ शुष्क मौसम से फसल की पैदावार प्रभावित होने के अंदेशा से किसान परेशान थे। कृषि विशेषज्ञों ने भी तापमान में बढ़ोतरी को फसलों के लिए नुकसानदायक बताया है।
अब दो दिनों से तापमान में कमी से फसलों के लिए फायदेमंद बता रहे हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार सुबह शाम तापमान में कमी और वातावरण में नमी के साथ कोहरा पड़ने से फसलों को फायदा हो रहा है।
सोमवार को लेट थी ये ट्रेनें
सर्दी और कोहरा असर यातायात सेवाओं पर भी पड़ रहा है। इसका सबसे ज्यादा रेलगाड़ियों पर असर पड़ रहा है। रेवाड़ी- बठिंडा पैसेंजर 45 मिनट की देर से चल रही है। कल यानी सोमवार को पोरबंदर सुपर फास्ट भी 35 मिनट की देरी से चल रही थी। वहीं, दिल्ली से जैसलमेर जाने वाली रुणिचा एक्सप्रेस 40 मिनट देर से तो अजमेर से चड़ीगढ़ जाने वाली चंडीगढ़ वंदेभारत एक्सप्रेस एक घंटा 17 मिनट की देर से चल रही थी।
रेवाड़ी से दिल्ली जाने वाली पैंसेजर रद होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं भुज से बरेली को जाने वाली भुज बरेली एक्सप्रेस 31 मिनट की देरी से चल रही थी। जम्मू तवी से बाड़मेर को जाने वाली शालीमार मलानी एक्सप्रेस रद रही।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।