यमुनानगर में मारपीट और चोरी की घटनाओं से सनसनी, पुलिस ने दर्ज किया केस
यमुनानगर में अलग-अलग घटनाओं में मारपीट और चोरी के मामले सामने आए हैं। इस्माइलपुर में गली विवाद में एक व्यक्ति की पिटाई हुई। अर्जुन का माजरा में जमीन विवाद में भाइयों और भतीजे को पीटा गया। रडे का माजरा में विधवा महिला के साथ मारपीट की गई क्योंकि आरोपी उसकी जमीन हड़पना चाहते थे। बसंत विहार में एक सूने घर से 88 हजार रुपये और जेवरात चोरी हो गए।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। गांव इस्माइलपुर में गली विवाद में अशोक कुमार के साथ मारपीट की। अशोक कुमार ने बताया कि गांव के सहसपाल व उसके बेटे वरदान ने गाली गलौज की।
विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट की। घटना आठ जून को हुई। दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चलती रही। अब शिकायत पर छछरौली थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।
जमीन के विवाद की रंजिश में सगे भाईयों व भतीजे को पीटा
गांव अर्जुन का माजरा में जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। एक पक्ष के रामकुमार ने बताया कि वह अपने भाई सुभाष व भतीजे संदीप के साथ गांव में था। तभी दूसरे पक्ष के शंटी, सीमा, साहिल, प्रिंस, नितिन सुरेंद्र, ब्रजपाल, कन्हैया लाल, अंकित, अभिषेक व नीरज ने एकदम से हमला कर दिया। आरोपितों ने डंडों व धारदार हथियारों से पीटकर घायल कर दिया। छछरौली थाना पुलिस ने बुधवार काे केस दर्ज किया।
विधवा महिला के साथ मारपीट
गांव रडे का माजरा निवासी विधवा सत्या देवी के साथ मित्रसेन, उसकी पत्नी सुनीता व बेटे सुमित ने मारपीट की। आरोप है कि आरोपित उसकी जमीन हथियाना चाहते हैं। जिसके चलते वह रंजिश रख रहे हैं। इस रंजिश में ही मारपीट की गई। थाना छप्पर पुलिस ने बुधवार को मामले में केस दर्ज किया।
सूने मकान से 88 हजार रुपये व जेवरात चोरी
बसंत विहार निवासी उषा रानी के सूने पड़े मकान में चोरी कर ली गई। उनके पति चांदराम 25 मई से अस्पताल में दाखिल हैं। बुधवार को वह घर पर आए तो देखा कि अलमारी खुली पड़ी है। सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी से गोल्ड का पैंडल, बैड के लाक से 88 हजार रुपये, सोने की चेन, बालियां सहित अन्य जेवरात चोरी किए गए थे। गांधीनगर थाना पुलिस ने शिकायत पर मौका मुआयना कर केस दर्ज किया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।