Himachal Bus Accident: तलवाड़ा से बद्दी जा रही बस की ब्रेक फेल, स्कूली छात्रों सहित 53 लोग घायल, 6 की हालत गंभीर
Himachal Pradesh Bus Accident कांगड़ा के डाडासीबा में गुराला के पास हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तलवाड़ा से बद्दी जा रही बस की ब्रेक फेल होने से यह हादसा हुआ। बस में स्कूली विद्यार्थियों सहित 53 यात्री घायल हो गए जिन्हें डाडासीबा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कमलजीत, डाडासीबा (कांगड़ा)। HRTC Bus Accident, डाडासीबा थाना क्षेत्र के तहत गांव गुराला में सोमवार सुबह 8:30 बजे ब्रेक फेल होने से हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस (एचपी 36डी-1428) पलट गई। हादसे में बस में सवार 53 यात्री घायल हुए हैं और इनमें से छह को डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज एवं टांडा रेफर किया है।
देहरा डिपो की बस तलवाड़ा से बद्दी जा रही थी और यात्रियों से खचाखच भरी थी। घायलों में ज्यादातर स्कूली बच्चे हैं। बस चालक योगराज व परिचालक अश्वनी कुमार को भी चोटें आई हैं। बस 2017 माडल की थी और अभी तक 5,69123 किलोमीटर की ही दूरी तय कर सकी है।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने निजी वाहनों और एंबुलेंस से घायलों को नागरिक अस्पताल डाडासीबा पहुंचाया। अस्पताल में सभी बिस्तर भर गए थे। छह घायलों को टांडा और नौ को नागरिक अस्पताल देहरा रेफर किया है। अन्य का नागरिक अस्पताल डाडासीबा में उपचार किया जा रहा है। कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी है।
हैरानी की बात यह है कि नागरिक अस्पताल डाडासीबा में एक्सरे मशीन ही खराब थी और इस कारण नौ लोगों को देहरा रेफर किया। हादसे की सूचना मिलते ही जसवां परागपुर के विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर व कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मनकोटिया अस्पताल पहुंचे और घायलों को ढांढस बंधाया।
15 विद्यार्थी हुए घायल
17 वर्षीय अनीता निवासी गांव रैल, 17 वर्षीय समीक्षा निवासी गांव बसलाड़, 17 वर्षीय वंशिका मेहड़ा, 16 वर्षीय श्रेया ठाकुर निवासी गुराला, 14 वर्षीय नव्या निवासी गुराला, 16 साल की निकिता निवासी लंडियाड़ा, 13 वर्षीय इशिता निवासी बसलाड़, 17 वर्षीय ममता निवासी बसलाड़, 17 वर्षीय निम्नेश निवासी बनूड़ी, 17 वर्षीय कृष्ण निवासी सुलैह, 15 वर्षीय निशा निवासी सुलैह, 15 साल की विशाखा निवासी मेहड़ा, 15 साल की सोनम निवासी गुराला, 17 वर्षीय नीरज निवासी बसलाड़, 17 वर्षीय निखिल निवासी सुलैह घायल हुए हैं।
स्कूल अध्यापिका सहित ये लोग घायल
इसके अलावा अमित (22) निवासी बड़ा रेल, शिवांगी (22) निवासी घाटी, सौरभ (23) निवासी डुबोया, अरुण कुमार (19) निवासी सांडा, सक्षम शर्मा (19) निवासी रेल, स्कूल शिक्षिका 51 वर्षीय त्रिशला देवी निवासी बाड़ी,
अनुभव (22) निवासी बाड़ी, लीला देवी निवासी बरनाली उम्र 70, आवीश कुमार निवासी मेहडा, नेहा शर्मा निवासी सयुल खड्ड 17, देशराज निवासी फतेहपुर 57, सोनम निवासी गुराला 15, सौरभ निवासी बसलाड 16, चैचला देवी निवासी बरनाली 66, सपना निवासी गुराला 35, यश निवासी गुराला 12, पलक ठाकुर निवासी बसलाड,20, सुनीता निवासी मेहडा़ 20, अंजना देवी निवासी घाटी उम्र 50, शांति देवी निवासी गुरनबाड़ 75, शिवराज निवासी घमरूर 52, 51 वर्षीय राजेश निवासी रैल घायल हुए हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
हादसे में गंभीर रूप से घायल 10 बच्चों को 20,000 और मामूली रूप से घायल सात बच्चों को 7000 रुपये की फौरी राहत दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जल्द विशेषज्ञों की टीम हादसे के कारणों की जांच करेगी।
-राजकुमार पाठक, डीएम एचआरटीसी हमीरपुर।
सभी घायलों का उपचार किया है। छह लोगों को टांडा अस्पताल और नौ यात्रियों को एक्सरे मशीन खराब होने के कारण नागरिक अस्पताल देहरा रेफर किया है। एक्सरे मशीन खराब होने के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया है।
-डा. सतीश फोतेदार, खंड चिकित्सा अधिकारी डाडासीबा।
यह भी पढ़ें- धर्मशाला में पिस्तौल से फायर कर फरार हुए पांच युवक 32 घंटे बाद गिरफ्तार, ब्लाइंड केस में तकनीक बनी पुलिस का सहारा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।