लाहुल में आधी रात बर्फबारी के बीच फंस गए मध्यप्रदेश के पर्यटक, 5 घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू; पुलिस ने जारी की एडवायजरी
लाहुल स्पीति में मध्य प्रदेश के कुछ पर्यटक आधी रात को बर्फबारी में फंस गए थे। पुलिस ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित निकाला। रेस्क्यू के बाद, पुलिस ने पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें खराब मौसम में यात्रा न करने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

लाहुल स्पीति के छतड़ू में फंसे पर्यटकों को रेस्क्यू करती पुलिस। सौजन्य पुलिस
जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। मनाली और लाहुल स्पीति के पर्यटन स्थल बर्फ से ढक गए हैं। इस बीच बर्फ में पर्यटकों की राह भी मुश्किल हो गई है। काजा से मनाली आ रहे पर्यटक गत रात हिमपात के कारण छतड़ू में फंस गए।
पर्यटकों का वाहन बर्फ में फंस गया। पुलिस ने ठिठुरने वाली ठंड के बीच फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित वहां से निकाला।
मध्यप्रदेश के पर्यटकों की गाड़ी बर्फ के बीच फंस गई थी। गाड़ी में पांच पर्यटक थे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर लिया गया।
रात डेढ़ बजे मिली फंसे होने की सूचना
छतड़ू में फंसे पर्यटकों ने किसी तरह अपने फंसे होने की सूचना आधी रात डेढ़ बजे डीडीएमए को दी। डीडीएमए ने पर्यटकों के फंसे होने की सूचना कोकसर थाने में दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम फॉर बाई फॉर वाहन में छतड़ू की रवाना हुई।
रेस्क्यू कर सुबह साढ़े पांच बजे पहुंचे कोकसर
पुलिस रेस्क्यू टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया। कोकसर से लगभग 20 किमी दूर फंसे पर्यटकों को सुरक्षित कोकसर पहुंचाते पहुंचाते सुबह के साढ़े 5 बज गए।
यह भी पढ़ें: Snowfall In Himachal: बर्फ से ढके मनाली और लाहुल के पर्यटन स्थल, अटल टनल के पार कोकसर गांव का नजारा कर रहा मोहित
दर्रे पार करते समय बरतें सावधानी : एसपी
एसपी केलंग शिवानी मैहला ने बताया कि पुलिस के बचाव दल द्वारा समय पर प्रतिक्रिया और समर्पित प्रयासों से गंभीर मौसम की स्थिति के बीच सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की। उन्होंने राहगीरों से आग्रह किया कि कुंजुम सहित बारालाचा व शिंकुला दर्रे को आर-पार करते समय मौसम का विशेष ध्यान रखें।
पुलिस ने पर्यटकों को बर्फ के बीच गाड़ी न चलाने की सलाह दी है। यदि फंस जाएं तो बर्फ पर ब्रेक कतई न लगाएं, ब्रेक लगाने से वाहन और फिसलता है। फॉर बाई फॉर वाहन का ही उपयोग करने की सलाह दी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।