Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कुल्लू में बादल फटने से घरों में घुसा मलबा, आज इन तीन जिलों में बारिश की संभावना

    Updated: Tue, 09 Sep 2025 07:39 AM (IST)

    कुल्लू जिले में बादल फटने से शगाड़ गांव में मलबा घुस गया जिससे कुछ घर क्षतिग्रस्त हुए। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग छोटे वाहनों के लिए बहाल हो गया है जिससे आवश्यक सामान की आपूर्ति शुरू हो गई है। लेह-मनाली मार्ग भी खुल गया है। कुमारसैन में जमीन धंसने से कई घर तबाह हो गए हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

    Hero Image
    कांगड़ा, शिमला और चंबा में हल्की वर्षा की संभावना। सांकेतिक तस्वीर

    राज्य ब्यूरो, शिमला। कुल्लू जिले की शिली राजगिरी पंचायत की पहाड़ी पर सोमवार शाम बादल फटने से भाखली व चेष्टा नाले में बाढ़ आ गई। इस कारण शगाड़ गांव के घरों में मलबा घुस गया। एक घर में दो लोग फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग सोमवार को छोटे वाहनों के लिए बहाल हो गया है। भारी वर्षा व भूस्खलन के कारण एनएच 24 अगस्त को बंद हो गया था। सोमवार को सब्जी, राशन समेत अन्य सामान से भरे सैकड़ों वाहन चंबा से भरमौर गए। दो दिन में मार्ग बड़े वाहनों के लिए बहाल हो जाएगा।

    लेह-मनाली मार्ग भी सोमवार शाम छोटे वाहनों के लिए बीआरओ ने बहाल कर दिया। वहीं, कुल्लू से मनाली के बीच फोरलेन जल्द बहाल हो सकता है। सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की मशीनरी बिंदु ढांक के पास पहुंच गई थी। शिमला जिले के कुमारसैन की मंगसू पंचायत के शथला गांव में जमीन धंसने से तीन घर पूरी तरह तबाह हुए और आठ घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

    इसके बाद 11 घरों को खाली करवाने के बाद प्रभावित लोग रिश्तेदारों के पास या कहीं अन्य जगह रह रहे हैं। प्रदेश में 24 घंटों में 80 सड़कें बहाल की गई है। अब कुल्लू में दो व ऊना में एक एनएच के साथ 744 सड़कें बहाल की जानी हैं। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांगड़ा एयरपोर्ट के पास बनोई में पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण जाम लगता रहा।

    सड़क पर कीचड़ के साथ पत्थर आने से परेशानी हो रही है। बिलासपुर, कांगड़ा, सिरमौर और शिमला में कुछ स्थानों पर सोमवार को हल्की वर्षा हुई। प्रदेश में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री का अंतर आया है। कुछ स्थानों पर गिरावट तो कुछ स्थानों पर वृद्धि हुई है।

    सबसे अधिक तापमान धौलाकुआं में 32.4 डिग्री दर्ज किया गया है। 521 ट्रांसफार्मर को 24 घंटे में ठीक करने के बाद अब 959 खराब बचे हैं। प्रदेश में 472 पेयजल योजनाएं बंद हैं। प्रदेश में भारी वर्षा के बीच बंद शिक्षण संस्थान सोमवार को खुले।

    कांगड़ा, शिमला और चंबा में हल्की वर्षा की संभावना

    मौसम विभाग ने मंगलवार को कांगड़ा, शिमला, चंबा में दोपहर बाद हल्की वर्षा की संभावना जताई है, जबकि सुबह हल्के बादल छाएंगे। आगामी पांच दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा।