Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर गरमाई राजनीति, प्रदेश के दो नेता पहुंचे दिल्ली; रजनी पाटिल ने सौंपी रिपोर्ट

    By Anil Thakur Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Tue, 14 Oct 2025 06:51 PM (IST)

    हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर राजनीति तेज हो गई है। दो नेता दिल्ली पहुंचे हैं, जिससे अटकलें लगाई जा रही हैं। रजनी पाटिल ने आलाकमान को रिपोर्ट सौंप दी है, जिसमें उन्होंने संभावित उम्मीदवारों पर राय दी है। दिल्ली में नेताओं की सक्रियता से प्रदेश कांग्रेस में सरगर्मी बढ़ गई है।

    Hero Image

    हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू।

    राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की घोषणा जल्द हो सकती है। इसके लिए नाम लगभग तय कर दिए हैं। बीते शुक्रवार को शिमला पहुंचीं प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई मंत्रियों व पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। 

    उन्होंने पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक ली है। पाटिल बीते रोज ही दिल्ली लौट गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर कई नेता दौड़ में हैं, लेकिन शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक कुलदीप राठौर व विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार का नाम आगे है।

    मंगलवार सुबह शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और ठियोग से विधायक एवं पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर भी दिल्ली पहुंच गए हैं। हालांकि दोनों की अपनी बैठकें दिल्ली में हैं, लेकिन अध्यक्ष पद को लेकर गरमाई राजनीति के बीच दोनों नेताओं का दिल्ली दौरा अहम माना जा रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रजनी पाटिल सौंप चुकी हैं रिपोर्ट

    सूत्रों की मानें तो रजनी पाटिल अपनी रिपोर्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित शीर्ष नेतृत्व को सौंप चुकी हैं। अध्यक्ष के बाद राज्य कार्यकारिणी की घोषणा होगी। राज्य कार्यकारिणी के लिए भी नाम तय किए जा चुके हैं, चूंकि कुछ पद ऐसे होते हैं जिसमें अध्यक्ष की सहमति जरूरी रहती है इसलिए संगठन महासचिव व एक-दो अन्य पदों को अध्यक्ष के नाम की घोषणा के बाद ही तय किया जाता रहा है। 

    पंचायत चुनाव के कारण अब और देरी नहीं 

    प्रदेश में इस साल दिसंबर में पंचायत चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में हाईकमान अध्यक्ष के साथ राज्य व जिला कार्यकारिणी की घोषणा जल्द कर सकता है। कांग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व शिमला आया है। ऐसे में उनके दिल्ली लौटने या फिर उनसे अनुमति लेकर इसके गठन की संभावना है।

    नवंबर में भंग की थी कार्यकारिणी 

    नवंबर, 2024 में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्य कार्यकारिणी सहित जिला व ब्लाक कांग्रेस कमेटी को भंग किया था। अकेले प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ही पार्टी गतिविधियों का संचालन कर रही हैं। 

    वह विभागीय कार्य से दिल्ली आए थे। केंद्र ने हिमाचल को दो केंद्रीय विद्यालय मंजूर किए हैं। इसके लिए औपचारिकता पूरी करने के लिए 15 अक्टूबर का समय दिया था। शिक्षा मंत्रालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर इसमें छूट की मांग की है। बुधवार को शिमला लौटूंगा।
    -रोहित ठाकुर, शिक्षा मंत्री। 
    संगठन के कार्य से दिल्ली आया हूं। बुधवार को दिल्ली में पार्टी की एक बैठक में हिस्सा लूंगा। उन्हें पार्टी हाईकमान ने संगठन सृजन कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपी है। इसकी रिपोर्ट वह हाईकमान को देंगे। दिल्ली दौरे के दौरान पार्टी नेताओं से मिलना स्वाभाविक रहता है।
    -कुलदीप राठौर, विधायक ठियोग।

    यह भी पढ़ें: Himachal Cabinet Meeting: दिवाली के बाद 23 को होगी मंत्रिमंडल बैठक, पंचायत चुनाव सहित इन मुद्दों पर होगा मंथन

    यह भी पढ़ें: हिमाचल: मानसून में हुई तबाही पर सुक्खू सरकार ने केंद्र से मांगी बड़ी आर्थिक मदद, 2023 में मांगे थे 12 हजार करोड़