Himachal Panchayat Chunav: 29 पंचायतों की मतदाता सूची लटकी, अब वोट बनाने के लिए लगेंगे 50 रुपये; ...कब होंगे चुनाव?
हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने 3548 ग्राम पंचायतों और 70 शहरी निकायों की मतदाता सूचियाँ तैयार कर ली हैं, जबकि हमीरपुर की 29 पंचायतों की सूची बाद में जारी होगी। प्रदेश में कुल 55,19,709 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें पुरुषों की संख्या महिलाओं से अधिक है। पहली अक्टूबर को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा मतदाता बन सकते हैं, और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए शुल्क देना होगा।

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारी चल रही है। प्रतीकात्मक
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने पहली अक्टूबर 2025 को जारी अधिसूचना के अनुसार 3577 पंचायतों में से 3548 ग्राम पंचायतों और 70 शहरी निकायों की मतदाता सूचियां तैयार कर ली हैं। हमीरपुर जिले के बमसन ब्लाक की शेष 29 पंचायतों की मतदाता सूची पहली दिसंबर, 2025 को जारी की जाएगी।
ऐसे में पंचायत चुनाव में देरी संभव है। दिसंबर में चुनाव होने पर संशय बना हुआ है। राज्य चुनाव आयोग की जनवरी में ही चुनाव करवाने की तैयारी है।
पुरुष मतदाता अधिक
प्रदेश में कुल 55,19,709 मतदाता पंजीकृत हुए हैं, जिनमें 27,26,548 महिलाएं और 27,93,161 पुरुष शामिल हैं। इस प्रकार, पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं की तुलना में 66,613 अधिक है। ये सूचियां आयोग की वेबसाइट https://sechimachal.nic.in और वोटर सारथी एप के माध्यम से देखी जा सकती हैं।
पहली अक्टूबर को 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवा बना सकेंगे वोट
निर्वाचन आयोग द्वारा नाम दर्ज करने की अंतिम तिथि पहली अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। जो व्यक्ति पहली अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वे मतदाता बनने के लिए पात्र हैं। यदि अंतिम मतदाता सूची में किसी पात्र व्यक्ति का नाम शामिल नहीं है, तो वह संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त के कार्यालय में निर्धारित प्रारूप पर दो रुपये का शुल्क अदा कर आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।
निकायों में 50 रुपये शुल्क के साथ बना सकेंगे मत
नगर पंचायत, नगर परिषद या नगर निगम की मतदाता सूची में नाम शामिल न होने पर, संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी के कार्यालय में 50 रुपये का शुल्क अदा कर आवेदन किया जा सकता है।
जनवरी 2021 में पंचायतों की संख्या 3615 थी
जनवरी 2021 में पंचायतों की संख्या 3615 थी। नए शहरी निकायों के गठन और बदलाव के बाद अब यह संख्या 3577 रह गई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में नए बने निकायों में चुनाव करवाने की अवधि छह माह से 2 साल बढ़ाई, सरकार का चुनावी प्रक्रिया में बड़ा संशोधन
पंचायत, नगर परिषद, नगर निगम क्षेत्रों की मतदाता सूची में शामिल व्यक्ति अपना नाम जोड़ने, हटाने या सुधारने के लिए संबंधित निर्वाचन कार्यालय में निर्धारित शुल्क के साथ आवेदन जमा कर सकते हैं। यह प्रक्रिया चुनाव कार्यक्रम घोषित होने तक जारी रहेगी।
-अनिल खाची, आयुक्त ,राज्य निर्वाचन आयोग।
प्रदेश में जिला आधार पर मतदाताओं की संख्या
- जिला आधार पर मतदाताओं की संख्या
- जिला पुरुष महिला कुल
- बिलासपुर 166086 164569 330655
- चंबा 214000 208091 422091
- हमीरपुर 187317 190834 378151
- कांगड़ा 665707 651683 1317390
- किन्नौर 29456 29421 58877
- कुल्लू 169976 165066 335042
- लाहुल स्पीति 12778 12824 25602
- मंडी 433645 431787 865432
- शिमला 263145 254004 517149
- सिरमौर 214375 197106 411481
- सोलन 215724 204828 420552
- ऊना 220952 216335 437287
- कुल 2793161 2726548 5519709

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।