Himachal Pradesh: 99.3% साक्षरता दर से भी कैसे हिमाचल बन गया पूर्ण साक्षर राज्य? पहले से सूची में शामिल तीन
Himachal Pradesh Fully Literate State हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के पूर्ण साक्षर बनने की घोषणा की और बधाई दी। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने इसे गौरव का क्षण बताया। हिमाचल प्रदेश की साक्षरता दर 99.30% है जो इसे साक्षर राज्यों की सूची में सबसे ऊपर रखती है।

जागरण टीम, शिमला। Himachal Pradesh Fully Literate State, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्ण साक्षर राज्य बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि जो निरक्षर थे, उन्होंने हमें साक्षर बनाया। मेरी माता 5वीं तक पड़ी थी व पिता 7वीं पास थे। उन्होंने हमें पढ़ाया। उन्होंने मुझे पढ़ाया तब मैं सीएम बना। बेटियों ने प्रदेश को साक्षर बनाया है।
साक्षर राज्यों की सूची में हिमाचल की दर सबसे बेहतर
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के लिए यह गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि इसके लिए हर प्रदेशवासी बधाई का पात्र है। सभी शिक्षकों को भी इसके लिए बधाई। उन्होंने कहा कि जितने भी राज्य साक्षर बने हैं, उनमें हिमाचल की साक्षरता दर सबसे अधिक है।
95 प्रतिशत साक्षरता दर पर भी पूर्ण साक्षर राज्य घोषित
हिमाचल की वर्तमान साक्षरता दर 99.30% है। इस कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार के मानकों के अनुसार जिस राज्य की साक्षरता दर 95 प्रतिशत होगी, उसे पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया जाएगा।
हिमाचल सहित चार राज्य पूर्ण साक्षर
हिमाचल प्रदेश में साक्षर राज्यों में शामिल हो गया है। हिमाचल की साक्षरता दर 99.30 प्रतिशत है। इस फेहरिस्त में हिमाचल सहित चार राज्य हैं। इनमें मिजोरम 98.2 प्रतिशत, लक्षद्वीप 97.3 और त्रिपुरा 95.6 प्रतिशत है।
2024 में की निरक्षर लोगों की पहचान
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने कहा कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की टेक्निकल ग्रुप ऑन पॉपुलेशन प्रोजेक्शंस की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 में हिमाचल की अनुमानित जनसंख्या लगभग 75.27 लाख थी। हिमाचल में साल 2024 में कुल 95 हजार 307 निरक्षर व्यक्तियों की पहचान की गई।
यह भी पढ़ें- पहाड़ सी चुनौतियां पार कर हिमाचल बना पूर्ण साक्षर राज्य, किस तरह व कौन सी योजनाओं से पाया मुकाम
एफएलएनएटी के परिणामों के अनुसार 42 हजार 578 व्यक्ति नव साक्षर बन चुके हैं। इन आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 52 हजार 729 निरक्षर व्यक्ति बचे हैं, जबकि कुल जनसंख्या 75.27 लाख है।
कैसे हुए साक्षर
हिमाचल प्रदेश में प्रौढ़ शिक्षा की साक्षर भारत योजना के तहत 2017 में 67,500 निरक्षर साक्षर हुए। पढ़ना लिखना अभियान के तहत 2022 तक 1,00,000 निरक्षर साक्षर हुए। नव भारत साक्षरता अभियान उल्लास योजना के तहत वर्ष 2022-23 और 2023-24 में बीईईओ के माध्यम से ग्राम स्तर पर इस योजना के अंतर्गत सर्वेक्षक द्वारा किए गए सर्वेक्षण में कुल 95252 निरक्षरों को पंजीकृत/चिह्नित किया गया है। 43885 निरक्षर साक्षर हुए हैं बाकियों को अभी साक्षर करने का कार्यक्रम चल रहा है। 56960 निरक्षरों की परीक्षा होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।