Himachal: मुख्यमंत्री ने बताया कांग्रेस को कब मिलेगा नया अध्यक्ष, पेंशनरों को महंगाई भत्ता, दिवाली पर की खास अपील
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की कि कांग्रेस को लोकसभा चुनाव के बाद नया अध्यक्ष मिलेगा। उन्होंने पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ते की घोषणा की, जिससे उन्हें आर्थिक सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से दिवाली पर सावधानी बरतने और पर्यावरण के अनुकूल त्योहार मनाने की अपील की, सुरक्षित दिवाली मनाने पर जोर दिया।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। ऐसे में इंटरनेट मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस को अक्टूबर के अंत तक या नवंबर के पहले सप्ताह में नया अध्यक्ष मिल जाएगा।
यह निर्णय पूरी सहमति और विचार-विमर्श के बाद लिया जाएगा। सचिवालय में शनिवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर तरह-तरह की बातें फैलाना कुछ लोगों की आदत बन गई है, लेकिन कांग्रेस एक अनुशासित दल है और संगठनात्मक फैसले आपसी सहमति से ही होते हैं।
दिवाली से पहले मिलेगी राहत
पेंशनरों के धरने को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि पेंशनरों को 1 अप्रैल से 15 अक्टूबर 2025 तक का लंबित महंगाई भत्ता (डीए) दिवाली से पहले दे दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एचआरटीसी पेंशनरों के लिए 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की गई है, ताकि सभी पेंशनरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके।
आपदा प्रभावितों को मिलेगा मुआवजा
आपदा राहत को लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। प्रत्येक प्रभावित परिवार को घर निर्माण के लिए सात लाख रुपये और आवश्यक वस्तुओं के लिए 70 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से 1500 करोड़ रुपये के विशेष राहत पैकेज की प्रतीक्षा की जा रही है, लेकिन राज्य सरकार अपने संसाधनों से भी राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक इस विषय को लेकर राजनीति न करें। यह समय एकजुट होकर प्रदेश के लोगों की मदद करने का है, न कि आरोप-प्रत्यारोप का।
प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामना
मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामना देते हुए कहा कि यह पर्व हर घर में खुशियां, उमंग और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने अपील की कि दीपावली पर पर्यावरण के प्रति संवेदनशील रहकर उत्सव मनाएं और प्रेम व सद्भाव का संदेश फैलाएं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।