रेणुका सिंह को एक करोड़ देने वाली हिमाचल सरकार की क्या है खेल नीति? इस खिलाड़ी को दिए थे 7.80 करोड़ रुपये
हिमाचल सरकार ने रेणुका सिंह ठाकुर को क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के लिए एक करोड़ रुपये दिए। सरकार की खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को वित्तीय सहायता दी जाती है। पहले भी एक खिलाड़ी को 7.80 करोड़ रुपये दिए गए थे। इस नीति का उद्देश्य राज्य में खेलों को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
राज्य ब्यूरो, शिमला। विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम की सदस्य व हिमाचल की बेटी रेणुका ठाकुर को राज्य सरकार एक करोड़ का नकद इनाम देगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसका एलान किया। हिमाचल आने पर उनका भव्य स्वागत होगा। राज्य सरकार रेणुका को सरकारी नौकरी भी देगी।
ओलिंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर मिलते हैं 5 करोड़ रुपये
राज्य सरकार की खेल नीति के अनुसार ओलिंपिक, शीतकालीन ओलिंपिक और पैरालिंपिक प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक विजेताओं को सरकार 5 करोड़ की राशि बतौर ईनाम देती है। रजत को 3 व कांस्य पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये इनाम स्वरूप दिए जाते हैं। यदि टीम में यह पुरस्कार जीतता है तो पूरी टीम में राशि बांटी जाती है।
एशियाई खेलों में 4 करोड़ रुपये है इनाम
एशियाई खेलों तथा पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को 4 करोड़, रजत को 2.50 करोड़ व कांस्य पदक विजेताओं को 1.50 करोड़ रुपये दिए जाते हैं। राष्ट्रमंडल खेलों तथा पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में 3 करोड़ रुपये, रजत 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ ईनाम स्वरूप मिलता है।
दिसंबर में सम्मानित किए थे 21 खिलाड़ी, निषाद को मिला था 7.80 करोड़
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गत वर्ष दिसंबर महीने में 21 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को सम्मानित किया था। ओलिंपिक, पैरालिंपिक, एशियाड और कॉमनवेल्थ खेलों में विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि से नवाजा गया। ऊना के पैरालिंपिक एथलीट निषाद कुमार को सबसे बड़ी पुरस्कार राशि 7.80 करोड़ रुपये से नवाजा गया था। यह हिमाचल में खिलाड़ी को दी गई अब तक की सबसे बड़ी राशि थी जो एक ही बार में मिली थी।
अजय कुमार को मिले थे ढाई करोड़
अजय कुमार को 2 करोड़ 50 लाख, कबड्डी में सिरमौर की रीतू नेगी, पुष्पा राणा, सुषमा, सोलन की कुमारी ज्योति, बिलासपुर की कुमारी निधि सहित पुरुष कबड्डी टीम के सदस्य रहे ऊना के विशाल भारद्वाज को 33 लाख 32 हजार 800 रुपये की बराबर सम्मान राशि दी गई।
इसके अलावा फेंसिंग खिलाड़ी कुमारी ज्योति दत्ता को 3 लाख, हैंडबॉल टीम की सदस्य रही बिलासपुर की दीक्षा, शालिनी, प्रियंका ठाकुर, सोलन की निधि, मिताली, भावना, मेनका को 3-3 लाख सम्मान राशि दी गई है। वहीं बोसिया में मंडी की अंजली को 3 लाख, क्रिकेट में रेणुका सिंह 13 लाख 32 हजार, भारोत्तोलन में विकास ठाकुर को 2 करोड़, बॉक्सिंग में मंडी के आशीष कुमार को 5 लाख सहित शूटिंग में हमीरपुर के विजय कुमार को 2 लाख रुपए सम्मान राशि के रूप में आवंटित किए गए।
सुक्खू सरकार ने बदली है खेल नीति
राज्य सरकार ने खेल नीति में भी बदलाव किया है। इनाम राशि को बढ़ाने के साथ राज्य से बाहर 200 किमी की दूरी तक खेल स्पर्धाओं में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को एसी 3 टियर किराया दिया जाता है। 200 किमी से अधिक दूरी के स्थानों पर जाने के लिए इकोनॉमी क्लास एयर फेयर दिया जाता है। सरकारी खेलों में 3 प्रतिशत खेल कोटा के लिए 19 नए खेल शामिल किए गए हैं, जिससे इन खेलों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।