हिमाचल में ठंड का प्रकोप, माइनस 4 डिग्री तक पहुंचा तापमान; कब होगा हिमपात?
हिमाचल प्रदेश में तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है। लाहुलस्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान -4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है। 18 नवंबर तक वर्षा व हिमपात की संभावना नहीं है।

ताबो, केलंग और कुकुमसेरी में माइनस में पहुंचा तापमान। सांकेतिक तस्वीर
राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश में अधिकतम तापमान गिरने से पहाड़ों से लेकर मैदान तक अब ठंड बढ़ने लगी है। दिन में जहां तेज धूप निकल रही है, वहीं सुबह व शाम ठंड बढ़ने लगी है। जनजातीय जिला लाहुलस्पीति व किन्नौर में न्यूनतम तापमान तेजी से माइनस में जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक सबसे कम तापमान लाहुलस्पीति के ताबो में -4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलंग में पारा -3.0, कुकुमसेरी में -2.9, किन्नौर के कल्पा में 0.2 व रिकांगपिओ में तीन डिग्री सेल्सियस रहा। मनाली में भी पारा 2.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
मंगलवार रात प्रदेश के औसतन न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा। मैदानी व मध्यम पर्वतीय क्षेत्र कांगड़ा, सुंदरनगर और हमीरपुर इस समय शिमला से भी ज्यादा ठंडे हो गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अभी ठंड बढ़ेगी। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है। बिलासपुर और सुंदरनगर में सुबह हल्का कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने 18 नवंबर तक प्रदेश में वर्षा व हिमपात की संभावना नहीं जताई है।
ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना रहेगा। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से एक से तीन डिग्री सेल्सियस कम चल रहा है। अगले ठंड और बढ़ने की संभावना है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।