हिमाचल में 27 नवंबर से बदलेगा मौसम, कई शहरों के लिए चेतावनी जारी, पर्यटक भी रहें सावधान
हिमाचल प्रदेश में 27 नवंबर से मौसम बदलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने घने कोहरे की आशंका जताई है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। शुष्क ठंड के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि अधिकतम तापमान में वृद्धि की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में 27 नवंबर से मौसम बदलने की चेतावनी जारी की गई है (फाइल फोटो)
जागरण टीम, शिमला/मनाली। प्रदेश के कुछ स्थानों पर 27 नवंबर से तीन दिन घनी धुंध पड़ सकती है। मौसम विभाग ने बिलासपुर, सुंदरनगर और अन्य स्थानों पर घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है।
ऐसे में लोकल लोगों और पर्यटकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे ऊपरी इलाकों में वाहनों को सावधानी से चलाएं। बुधवार को भी कुछ स्थानों पर सुबह धुंध रही। सुंदरनगर में 70, मंडी में 100 व बिलासपुर में 150 मीटर दृश्यता रही। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इन दिनों पहाड़ों के साथ मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शुष्क ठंड के कारण गले में खराश, खांसी, जुकाम और बुखार के मामले बढ़ने लगे हैं। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस का अंतर आया है।
कुछ स्थानों पर वृद्धि तो कुछ में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे कम तापमान ताबो में -6.8 व कुकुमसेरी में -4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिकांगपिओ और कल्पा में जमावबिंदु से तापमान ऊपर दर्ज किया गया।
दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। सबसे अधिक वृद्धि नारकंडा में 2.8, शिमला और हमीरपुर में दो डिग्री सेल्सियस की हुई है। आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में वृद्धि व न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।