हिमाचल में मौसन ने ली करवट, कल से झमाझम बारिश और हिमपात के आसार; पर्यटक उठा सकेंगे स्नोफॉल का लुत्फ
हिमाचल प्रदेश में तीन माह की सूखी ठंड के बाद मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 16 से 20 जनवरी तक वर्षा और हिमपात का अनुमान जताया है। पश्चिमी विक्षोभ क ...और पढ़ें

हिमाचल में 16 से 20 जनवरी तक वर्षा-हिमपात का अनुमान, पर्यटन को मिलेगी राहत।
राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश में करीब तीन माह से जारी सूखी ठंड के बीच अब मौसम में बदलने के संकेत मिल रहे हैं और मौसम विभाग ने 16 से 20 जनवरी तक वर्षा और हिमपात का अनुमान जताया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से खासतौर पर उच्च पर्वतीय और जनजातीय इलाकों में हिमपात हो सकता है, जबकि मध्य व निचले पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।
शिमला और मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों में मौसम के पहले हिमपात को लेकर उम्मीद जगी है, जिससे पर्यटन कारोबार को भी राहत मिलने की संभावना है। हालांकि 15 जनवरी को मौसम साफ रहने का अनुमान है। इसी दौरान मैदानी और निचले इलाकों में घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी भी जारी की गई है। शिमला ने न्यूनतम व अधिकतम तापमान के मामले में सुंदरनगर, भुंतर, ऊना सहित सभी मैदानी क्षेत्र पीछे छोड़ दिए हैं।
प्रदेश के आठ स्थानों में न्यूनतम तापमान शून्य या इससे नीचे पहुंच गया है। ऊना में बुधवार घना कोहरा दर्ज किया गया। जहां दृश्यता घटकर करीब 50 मीटर रह गई। जबकि पांवटा साहिब में हल्का कोहरा छाया रहा। बीती रात कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.9 डिग्री और ताबो में माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार रात न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन यह अब भी सामान्य से 0.6 डिग्री कम बना हुआ है। मैदानी और निचले इलाकों हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और ऊना में शीतलहर की स्थिति बनी है और इन क्षेत्रों में तापमान शिमला जैसे हिल स्टेशन से भी कम दर्ज हुआ है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।