Himachal Weather: कोहरे व शीतलहर से जनजीवन प्रभावित, माइनस में पहुंचा कई शहरों का तापमान; यलो अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर और कोहरे ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रदेश के कई इलाकों में तापमान माइनस में चला गया है। लाहुल-स्पीति कुल्लू चंबा और किन्नौर जिलों में बर्फीली हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। निचले हिमालयी क्षेत्रों में भी ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल में शीतलहर व कोहरे से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रदेश के सात स्थानों में बुधवार को न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया है जबकि कई अन्य स्थानों का तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। किन्नौर, लाहुल-स्पीति, कुल्लू व चंबा जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फीली हवाओं के साथ न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है।
निचले हिमालयी क्षेत्र शिमला, कुल्लू और मंडी भी कड़ाके की ठंड का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा व ऊना में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। बिलासपुर में तो दृश्यता मात्र 50 मीटर तक ही सीमित रही। मैदानी क्षेत्रों में दो दिन तक घने कोहरे का येलो अलर्ट व शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
न्यूनतम तापमान में माइनस 0.5 डिग्री की गिरावट
ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी में शीतलहर तथा बिलासपुर व बल्ह वैली, ऊना, हमीरपुर व कांगड़ा में कोहरा पड़ने की संभावना है। लाहुल-स्पीति जिले के ताबो में सबसे कम माइनस 13.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
कुकुमसेरी में माइनस 11.4 डिग्री, समधो में माइनस 9.4 डिग्री, कल्पा में माइनस 1.6 डिग्री, सियोबाग में माइनस 0.3, डिग्री और भुंतर व बजुआरा में माइनस 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नारकंडा में 0.1 डिग्री, मनाली में 1.6 डिग्री, सुंदरनगर में 1.7 डिग्री, हमीरपुर में 3.3 डिग्री, मंडी में 3.4 डिग्री, कांगड़ा में चार डिग्री और शिमला में 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
सड़क पर जमे पाले से फिसल खेत में पहुंची बस
सराज में कड़ाके की ठंड में सड़क पर पाला जमना शुरू हो गया है। इससे वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। बुधवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस जो जंजैहली से शिमला रूट पर जाने वाली थी जरोल के पास काली बर्फ (पाले) पर फिसल कर खेतों की ओर लुढ़क गई।
हादसे के समय बस में कोई सवारी नहीं थी। चालक बस को मोड़ रहा था। इसके बाद निगम ने दूसरी बस रूट पर भेजी। वहीं अन्य मामले में थुनाग के समीप निगम की बस व कार में टक्कर हो गई।
शिमला-जंजैहली रूट पर आ रही बस एचपी-65ए-0974 व थुनाग से चैलचौक की ओर जा रही कार एचपी-32ए-3868 की बुखलवार मोड़ पर टक्कर हो गई। हादसे में कार में सवार दो लोगों को आंशिक चोट आई हैं। पास देते वक्त हादसा हुआ है। हादसा होने से सड़क पर जाम लग गया।
हवाई उड़ानें नियमित, कोहरे से यातायात प्रभावित
शिमला के जुब्बड़हट्टी स्थित हवाई अड्डे से दिल्ली व कांगड़ा के लिए, कुल्लू के भुंतर स्थित हवाई अड्डे से जयपुर, दिल्ली, देहरादून के लिए और कांगड़ा के गगल स्थित हवाई अड्डे से सभी छह उड़ानें हुईं। वहीं कालका से शिमला आने वाली सभी छह ट्रेनें निर्धारित समय पर ही शिमला पहुंची।
घने कोहरे के कारण बुधवार को पांच रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से 25 मिनट से लेकर एक घंटे से ज्यादा देरी से पहुंचीं। देरी से आने वाली रेलगाड़ियों में हिमाचल एक्सप्रेस, साप्ताहिक नांदेड़ साहिब, साबरमती, वंदे भारत एक्सप्रेस व पैसेंजर शामिल है।
हिमाचल एक्सप्रेस का ऊना पहुंचने का समय सुबह 6:35 है बजे है। यह रेलगाड़ी निर्धारित समय से 56 मिनट देरी से 7:23 बजे आई। गुजरात से चलने वाली साबरमती एक्सप्रेस ऊना में 11.06 बजे की जगह 11.31 बजे पहुंची। वंदे भारत एक्सप्रेस ऊना में 10:32 बजे के बजाय 10.54 बजे पहुंची।
नांदेड़ साहिब सुपर फास्ट करीब ढाई घंटे की देरी से आई। इसके अलावा अंबाला से अंब-अंदौरा तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन भी एक घंटे की देरी से आई।
आज व कल साफ रहेगा मौसम, 12 से बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में नौ और 10 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। 11 और 12 जनवरी को मौसम बदलने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में हिमपात व निचले क्षेत्रों में वर्षा के आसार हैं। 13 और 14 जनवरी को मौसम फिर से साफ रहने का अनुमान है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।