Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Himachal Weather: जमाव बिंदु से नीचे पहुंचा ऊना का तापमान, मैदानों में कोहरा; शनिवार को हिमपात व वर्षा की चेतावनी

    Updated: Fri, 10 Jan 2025 09:01 AM (IST)

    हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का कहर जारी है और न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया है। ऊना व बिलासपुर और मंडी में घना कोहरा छाया रहा। प्रदेश के कई हिस्सों में 11 और 12 जनवरी को हिमपात और वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। वंदे भारत एक्सप्रेस 13 मिनट की देरी से अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन पहुंची।

    Hero Image
    Himachal Weather: कोहरे की चपेट में हिमाचल, धुंध में जाते राहगीर। (जागरण फोटो)

    राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश में शीतलहर जारी है। वीरवार को ऊना, बिलासपुर और मंडी में शीतलहर चली। मैदानी स्थानों पर घना कोहरा भी छाया रहा। घने कोहरे के कारण बिलासपुर में न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर, ऊना में 40 मीटर व मंडी में 100 मीटर रही। इस दौरान ऊना का न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री दर्ज किया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके अलावा प्रदेश में 11 स्थान पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। लाहुल-स्पीति के ताबो और कुकुमसेरी में सबसे कम -11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला, धर्मशाला और डलहौजी के न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है।

    11 और 12 को हिमपात व वर्षा की चेतावनी

    प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में 11 व 12 जनवरी को हिमपात और वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। शिमला शहर सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में हिमपात की संभावना जताई गई है। यातायात सेवाएं, विद्युत और पेयजल आपूर्ति बाधित हो सकती है। शुक्रवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा व मंडी में शीतलहर तेज होगी।

    वंदे भारत 13 मिनट देरी से पहुंची

    कुल्लू के भुंतर स्थित एयरपोर्ट से सभी तीनों, शिमला के जुब्बड़हट्टी स्थित हवाई अड्डे से दोनों और कांगड़ा के गगल स्थित एयरपोर्ट से सभी पांचों उड़ानें नियमित रहीं। हालांकि धुंध की वजह से रेल यातायात आंशिक रूप से प्रभावित हुआ।

    दिल्ली से ऊना, अंब-अंदौरा और दौलतपुर आने वाली हिमाचल एक्सप्रेस तो निर्धारित समय से पहुंची, लेकिन वंदे भारत एक्सप्रेस 13 मिनट की देरी से अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके अलावा कालका-शिमला ट्रैक पर सभी छह ट्रेनें निर्धारित समय पर पहुंचीं।

    10 से दो बजे तक आ-जा सकेंगे अटल टनल व सिस्सू मनाली

    पर्यटक सामान्य वाहनों में दिन में 10 से दोपहर दो बजे तक अटल टनल व सिस्सू तक आ-जा सकेंगे। धूप ढलते ही पर्यटकों को सोलंगनाला पहुंचना होगा। हालात को देखते हुए फिलहाल दोपहिया पर सोलंगनाला से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।

    प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही धुंध के कारण ठंड का असर बढ़ गया है। राज्य का ऊना जिला जहां सबसे अधिक गर्मी होती है, वहां पर अब न्यूनतम तापमान माइनस में चला गया है और शीतलहर का प्रभाव काफी अधिक हो गया है। शीतलहर से जनता को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

    यह भी पढ़ें- Himachal Weather: कोहरे व शीतलहर से जनजीवन प्रभावित, माइनस में पहुंचा कई शहरों का तापमान; यलो अलर्ट जारी