World Cancer Day 2025: इन 5 कारणों से हिमाचलियों पर भारी पड़ रहा कैंसर, हर साल 7000 तक आ रहे हैं मामले
World Cancer Day 2025 हिमाचल प्रदेश में कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं। फेफड़ों का कैंसर और महिलाओं में स्तन कैंसर सबसे आम हैं। धूम्रपान शराब खानपान की आदतें और शारीरिक श्रम में कमी इसके प्रमुख कारण हैं। व्यायाम योग बेहतर खानपान और तंबाकू व शराब से परहेज करके कैंसर से बचा जा सकता है। सबसे ज्यादा मामले लंग कैंसर के पाए जाते हैं।

यादवेन्द्र शर्मा, शिमला। World Cancer Day 2025: हिमाचल में भी लोग शारीरिक श्रम कम और धूमपान व शराब का सेवन अधिक कर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि प्रदेश में कैंसर के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं। प्रदेश में हर साल छह से सात हजार कैंसर के मामले आ रहे हैं।
इनमें कुल कैंसर के मामलों में सबसे अधिक लंग कैंसर यानी फेफडों के कैंसर के करीब 15 प्रतिशत और महिलाओं में स्तन कैंसर के नौ से 12 प्रतिशत तक मामले पाए जा रहे हैं। 50 से 70 वर्ष की आयु में होने वाला कैंसर 25 से 35 वर्ष की आयु में देखने को मिल रहा है।
ये हैं कैंसर के पांच प्रमुख जनक
कैंसर रोग पर किए जा रहे शोध में यह बात सामने आई है कि कैंसर के पांच प्रमुख जनक हैं, जो कैंसर के मामलों को बढ़ा रहे हैं। इनमें धूमपान, शराब का सेवन, फास्ट फूड या जंक फूड, शारीरिक श्रम में कमी और मोटापा शामिल हैं।
फेफड़े के कैंसर में 95 प्रतिशत और सिर व गले के कैंसर में 70 प्रतिशत की वजह धूमपान है। एक सिगरेट या एक बीड़ी पीने से व्यक्ति की आयु 11 मिनट कम हो जाती है और लगातार तंबाकू का सेवन 10 से 15 वर्ष आयु कम करता है।
यह तथ्य इंग्लैंड में तंबाकू के सेवन पर किए गए शोध में सामने आए हैं। हर वर्ष हिमाचली 250 करोड़ रुपये के बीड़ी, सिगरेट, खैनी व पान मसाला गटक रहे हैं।
कैसे होता है कैंसर
शरीर में 100 से 1,000 तक खराब सेल्स यानी कोशिकाएं होती हैं। शरीर में नई कोशिकाएं पैदा होती हैं और खराब कोशिकाएं समाप्त होती हैं। कैंसर होने पर लाल और सफेद रक्त कोशिकाओं का संतुलन बिगड़ जाता है और कोशिकाओं की बढ़ोतरी नियंत्रण से बाहर हो जाती है, जो कैंसर का रूप लेती है।
लंग कैंसर के लक्षण
- फेफड़े व इसके आसपास की टिश्यू की ग्रोथ से यह कैंसर फैलता है।
- सांस लेने में दिक्कत, खांसी व छाती में दर्द।
- खांसते समय रक्त आना।
- कैंसर नसों तक पहुंचे तो कंधे में दर्द होता है, जो बाजुओं तक फैलता है।
- इससे गले में खराश और वोकल कार्ड को बेकार कर सकती है।
प्रदेश के 69 आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में कीमोथैरेपी की सुविधा चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाने की योजना है। इसमें जिला, क्षेत्रीय व सिविल अस्पताल शामिल हैं। प्रदेश के जिला व क्षेत्रीय अस्पतालों में डे केयर के तौर पर कीमोथैरेपी की शुरुआत की गई है। 40 के करीब चिकित्सा अधिकारी व 40 स्टाफ नर्स विशेष प्रशिक्षण ले चुके हैं।
- कर्नल धनीराम शांडिल, स्वास्थ्य मंत्री।
प्रदेश में कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। फेफड़ों के कैंसर व महिलाओं में स्तन कैंसर के सबसे अधिक मामले आ रहे हैं। धूमपान व शराब का सेवन इसका सबसे बड़ा कारण है। खानपान की आदत बदल गई है। शारीरिक श्रम में कमी भी मोटापे का कारण है। व्यायाम, योग, बेहतर खानपान, तंबाकू व शराब का सेवन न करने से कैंसर से बचा जा सकता है।
- डॉ. मनीष गुप्ता, विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय कैंसर अस्पताल शिमला।
यह भी पढ़ें- World Cancer Day 2025: हरियाणा में हर 2 घंटे में कैंसर से एक की मौत, कैसे पहचानें लक्षण; कहां मिलता है फ्री इलाज?
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।