Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Kishtwar Cloudburst: खराब मौसम के चलते जम्मू में लैंड नहीं हो पाया राजनाथ सिंह का विमान, बिगड़े हालात का लेना था जायजा

    Updated: Sun, 24 Aug 2025 01:02 PM (IST)

    खराब मौसम के कारण रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का विमान जम्मू में लैंड नहीं हो पाया और उन्हें दिल्ली लौटना पड़ा। वह किश्तवाड़ के चशोती में बादल फटने से हुए नुकसान का जायजा लेने आ रहे थे। खराब मौसम के चलते उनके कार्यक्रम में बदलाव किए गए थे। अब मौसम ठीक होने पर उनके जम्मू दौरे की जानकारी मिल पाएगी।

    Hero Image
    Kishtwar Cloudburst: खराब मौसम के चलते जम्मू में लैंड नहीं हो पाया राजनाथ सिंह का विमान। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, जम्मू। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का विमान खराब मौसम के कारण रविवार को जम्मू में लैंड नही कर पाया। ऐसे में उन्हें दिल्ली लौटना पड़ा। दोपहर डेढ़ बजे के करीब उनका विमान फिर से जम्मू में लैंड करने का प्रयास करेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रक्षामंत्री राजनाथ सिंह किश्तवाड़ के चशोती में बादल फटने से उपजे हालात का जायजा लेने के लिए जम्मू आ रहे थे। उन्हें दिल्ली से जम्मू के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन जम्मू में रविवार सुबह को तेज बारिश से उपजे हालात में उनका विमान जम्मू में लैंड नहीं कर पाया।

    रक्षा मंत्री का स्वागत करने के लिए केंद्रीय मंत्री ड. जितेन्द्र सिंह, थलसेना के उपप्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेन्द्र सिंह, सेना की सोलह कोर के जीओसी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा, सांसद जुगल किशोर शर्मा, पार्टी के विधायक विक्रम रंधावा, डा नरेन्द्र सिंह, डा डीके मन्याल के वरिष्ठ नेता व उपराज्यपाल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सुबह साढ़े ग्यारह बजे जम्मू के तकनीकी एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। विमान लैंड न होने के कारण सभी को लौटना पड़ा।

    रविवार सुबह जम्मू संभाग के पहाड़ी जिलों में तेज बारिश के चलते मौसम विभाग ने बादल फटने या अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई थी। मौसम विभाग ने 23 से 26 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

    ऐसे में रक्षामंत्री के दौरे में भी कुछ बदलाव लाए गए थे। खराब मौसम के चलते रक्षामंत्री का चशोती जाने के कार्यक्रम में बदलाव किया गया था। उन्होंने जम्मू शहर में ही दोपहर को उच्च स्तरीय बैठक में चशोती के मौजूद हालात, राहत कार्यां को तेज देने के अभियान का जायजा लेना था।

    इसके साथ उनका बादल फटने की घटना में घायल हुए लोगों का हाल जानने के लिए जम्मू के मेडिकल कालेज अस्पताल भी जाना था। अब दोपहर को मौसम ठीक होने की स्थिति में उनके जम्मू दौरे के बाद में स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी।

    किश्तवाड़ में मचैल माता यात्रा मार्ग पर चशोती गांव में 14 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ में भारी तबाही हुई है। इससे लगभग 70 लोगों की जान चली गई है व बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है। इस समय चशोती गांव में सेना, सुरक्षाबलों, आपदा प्रबंधन एजेंसियां बड़े पैमाने पर राहत अभियान चला रही हैं।

    ऐसे में रक्षामंत्री को युद्धस्तर पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेने के साथ परिवारों को सांत्वना देनी थी। राजनाथ सिंह का स्वागत करने पहुंचे भाजपा विधायक विक्रम रंधावा ने बताया कि रक्षामंत्री का विमान रविवार दोपहर बारिह बजे के करीब जम्मू में लैंड होना था।

    लेकिन बादल व विजिबिलिटी कम होने के कारण उनका विमान लैंड नही हो पाया। उन्होंने बताया कि अब रक्षामंत्री का विमान मौसम ठीक होने की स्थिति में रविवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब जम्मू के तकनीकी एयरपोर्ट पर लैंड करेगा।

    comedy show banner