J&K Weather: जम्मू में कई स्थानों पर बादल फटने और भूस्खलन की घटनाएं, 2 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी
जम्मू संभाग में भूस्खलन और बाढ़ के बीच किश्तवाड़ कठुआ रियासी और रामबन में बादल फटने से दहशत है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है जिससे जम्मू कठुआ सांबा ऊधमपुर रियासी राजौरी रामबन डोडा और किश्तवाड़ में भारी बारिश की संभावना है। लोगों को नदियों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

जागरण संवाददाता, जम्मू। आए दिन जम्मू संभाग में भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने की त्रासदी से लोग दहशत में आ गए हैं। किश्तवाड़ के चशोती, कठुआ जिले के बाद माता वैष्णो देवी के अर्धकुंवारी के बाद शनिवार सुबह रियासी और रामबन में बादल फटा।
सप्ताह भर खौफ में गुजारने के बावजूद मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। शनिवार देर रात से दो सितंबर तक जम्मू, कठुआ, सांबा, ऊधमपुर, रियासी, राजौरी, रामबन, डोडा और किश्तवाड़ में मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक व तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। दक्षिण और मध्य कश्मीर के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बौछारें और बिजली गिरने की आशंका है।
कश्मीर में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के चलते कुछ संवेदनशील इलाकों में बादल फटने, बाढ़ भूस्खलन, मलबा और पत्थर गिर सकते हैं। लोगों को नालों, नदियों और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
तीन से आठ सितंबर तक मौसम सामान्यत: गर्म और उमस भरा रहेगा। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा कम या बराबर रहा, श्रीनगर का तापमान जम्मू से अधिक रहा।
श्रीनगर में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री रहा। पहलगाम में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री दर्ज किया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है। रियासी में बादल फटने की घटना हुई 73.5 मिमी वर्षा हुई। भद्रवाह में 51.6 मिमी बारिश दर्ज की, जबकि कटड़ा में 42.0 मिमी और जम्मू में 44.8 मिमी वर्षा हुई। गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 19.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।