जम्मू कश्मीर सरकार का 5 मरले के प्लाट देने की घोषणा पर BJP का पलटवार, बोले- अधूरे वादे की माहिर NC अब दे रही झांसे
भाजपा ने नेशनल कांफ्रेंस पर जम्मू के बाढ़ पीड़ितों को 5-5 मरले के प्लाट देने का झांसा देने का आरोप लगाया है। भाजपा नेता प्रदीप महोत्रा ने कहा कि नेकां सरकार बाढ़ पीड़ितों की पीड़ा का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने नेकां पर पुराने वादों को भुलाकर नए वादे करने और जनता के साथ विश्वासघात करने का भी आरोप लगाया।

राज्य ब्यूरो, जागरण, जम्मू। देश भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि वादे कर उन्हें भुला देने वाली नेशनल कांफ्रेंस सरकार ने अब जम्मू के बाढ़ प्रभावितों को 5-5 मरले के प्लाट देने का झांसा दिया है।नेशनल कांफ्रेंस ने एक बार फिर अपने पुराने अंदाज़ में जम्मू-कश्मीर की बाढ़ प्रभावित जनता को गुमराह करने की कोशिश की है।
भाजपा के मीडिया सचिव डा प्रदीप महोत्रा ने कहा है कि उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली एनसी सरकार लोगों की पीड़ा का राजनीतिक लाभ उठाने में लगी हुई है। बाढ़ प्रभावितों को 5-5 मरले के प्लाट का झांसा देकर लोगों को बहलाने की कोशिश हो रही है।
उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने गत रविवार को जम्मू के अखनूर क्षेत्र के परगवाल व अन्य प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरा यह घाेषणा की थी कि लोगों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावितों को उचित जगह पर पांच पांच मरले के प्लाट दिए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने यह घोषणा कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा व नेशनल कांफ्रेंस के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता की मौजूगी में की थी।
चुनावों से पहले लोगों से किए वादों का हिसाब दे नेकां
उपमुख्यमंत्री की इस घोषणा पर नेकां को आड़े हाथ लेते हुए भाजपा नेता ने पार्टी ने विधानसभा चुनाव से पहले लोगों से किए गए वायदों को लेकर की गई कार्रवाई का हिसाब मांगा। डॉ प्रदीप महोत्रा ने कहा है कि यह घोषणा एक राजनीतिक लालीपाप से अधिक कुछ नही है। यह कोई सरकार का फैसला नही .एक नेता द्वारा लोगों को टालने के लिए किया गया एक वादा है।
एक साल में पूरा नहीं किया एक भी वादा
भाजपा नेता ने याद दिलाया कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनावों के दौरान नेकां ने अपने घोषणापत्र में बड़े-बड़े वादे किए थे। इसमें भूमिहीनों को जमीन देने, मालिकाना हक देने, मुफ्त बिजली, मुफ्त सिलेंडर, युवाओं को रोजगार देने के बड़े बड़े वादे किए गए थे। नेकां के सत्ता में आने के एक साल बाद भी अब तक एक भी वादे को पूरा नहीं किया गया है।
लोगों को धोखा देने के लिए किए जा रहे नए वादे
सत्ता करने के बाद नेकां ने पुराने वादों को भुलाकर लोगों को फिर से धोखे देने के लिए नए वादे शुरू कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कांफ्रेंस ने हर मौके पर जनता के साथ विश्वासघात किया है। चाहे चुनाव हों, आपदाएं हों या जनकल्याण की बात हो। बाढ़ में जिन लोगों ने अपने घर, सामान और आजीविका खोई है।
नेशनल कांफ्रेंस उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। डॉ प्रदीप महोत्रा ने कहा कि भाजपा पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है। पार्टी उनके हक की लड़ाई लड़ती रहेगी। नेशनल कांफ्रेंस की हर धोखाधड़ी को लोगों के बीच उजागर किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।