'अपने स्वार्थ के लिए किया सत्ता का इस्तेमाल', जितेंद्र सिंह का कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस पर तीखा हमला
राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस पर सत्ता को निजी स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता की भूखी नहीं राष्ट्र निर्माता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और युवाओं से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर को भाजपा की वैचारिक आत्मा बताया और विकास कार्यों का उल्लेख किया।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। पीएमओ में राज्यमंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि दशकों तक इन पार्टियों ने सत्ता को केवल अपने स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया। जैसे ही सत्ता हाथ से निकली, ये कागज के महल की तरह ढह गए। लेकिन भाजपा बिना सत्ता के भी जीवित रही, क्योंकि हम सत्ता के भूखे नहीं, राष्ट्र निर्माता हैं।
डा. जितेंद्र सिंह ने आज पार्टी मुख्यालय में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के एक संगठनात्मक कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने जोश भरे और भावनात्मक भाषण में उन्होंने इतिहास, राजनीति और समर्पण की भावना को एक साथ जोड़ा।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर का भाजपा कार्यकर्ता अन्य राज्यों से अलग है, क्योंकि यह वह भूमि है जहां से भारतीय जनसंघ का उदय हुआ और श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा शुरू किया गया पहला बड़ा आंदोलन आज भी हमारी विचारधारा की नींव है।
उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सर्वोच्च बलिदान की विरासत को संभालना जम्मू-कश्मीर के कार्यकर्ताओं के लिए एक सौभाग्य भी है और एक चुनौती भी।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर को भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक आत्मा बताते हुए कहा कि यह केवल एक भू-भाग नहीं, बल्कि हमारे सिद्धांतों का केंद्र है, जहां दिए गए बलिदानों ने भारत के राजनीतिक इतिहास में अमिट अध्याय लिखे हैं।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित प्रेम नाथ डोगरा जैसे राष्ट्रवादी नेताओं का स्मरण करते हुए डा. सिंह ने कहा कि इन महापुरुषों ने पृथकतावादी ताकतों के खिलाफ संघर्ष किया और उनके बलिदान के कारण ही प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 को हटाया जा सका।
हम यहां संयोगवश नहीं हैं, हम यहां इसलिए हैं क्योंकि हमसे पहले तीन पीढ़ियों के कार्यकर्ताओं ने अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू को मिले विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एम्स जम्मू, आइआइटी जम्मू और नए हाईवे जैसे प्रोजेक्ट इस बात का प्रमाण हैं कि मोदी सरकार बिना भेदभाव के कार्य करती है।
आज जम्मू आत्मविश्वास के साथ भारत के विकास की मुख्यधारा में खड़ा है। कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि आज 70 प्रतिशत से अधिक भारत की आबादी 40 वर्ष से कम उम्र की है। वे हमसे ईमानदारी और प्रदर्शन की अपेक्षा रखते हैं।
हमें अल्पकालिक महत्वाकांक्षाओं से बचकर एक दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक आंदोलन है जिसका एक मिशन है। जब हम किसी गांव में जाते हैं, किसी किसान से मिलते हैं या किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा से बात करते हैं, तो हमें याद रखना चाहिए कि हम करोड़ों लोगों की उम्मीद लेकर चलते हैं।
हम प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के सपने के वाहक हैं। अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें, युवाओं से जुड़ें और विपक्ष की विफलताओं को उजागर करें। इतिहास ने हमें अवसर दिया है, और अब हमें सुस्ती की कोई गुंजाइश नहीं छोड़नी चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।