Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    गोली चलने से जम्मू रेलवे स्टेशन पर मची अफरा-तफरी; पुलिस कांस्टेबल की राइफल से चली गोली, एक जवान घायल

    By Dinesh Mahajan Edited By: Rahul Sharma
    Updated: Sat, 25 Oct 2025 06:35 PM (IST)

    जम्मू रेलवे स्टेशन पर गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। एक पुलिस कांस्टेबल की राइफल से दुर्घटनावश गोली चलने के कारण एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। 

    Hero Image

    जम्मू पुलिस घटना की जांच कर रही है।

    जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह ड्यूटी के दौरान पुलिस कांस्टेबल की सर्विस राइफल से अचानक गोली चलने की घटना में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज से स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन जब पता चला कि गोली कांस्टेबल की सर्विस राइफल से चली है तो स्थिति सामान्य हुई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गोली लगने की घटना में घायल की पहचान सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल शौकत अहमद, निवासी अनंतनाग (कश्मीर) के रूप में हुई है। यह घटना सुबह करीब नौ बजे की है, जब कांस्टेबल शौकत अहमद रेलवे स्टेशन पर मोर्चा नंबर चार में ड्यूटी पर तैनात थे।

    इसी दौरान उनकी सर्विस राइफल अचानक चल गई और गोली उनके पेट में जा लगी। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने घायल को प्राथमिक उपचार देते हुए सरकारी मेडिकल कालेज (जीएमसी) अस्पताल, जम्मू पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

    अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कांस्टेबल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, हालांकि चिकित्सक लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटनावश गोली चलने का प्रतीत होता है।

    फिर भी पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि घटना किन परिस्थितियों में हुई। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सामान्य कर दिया गया है और यात्री संचालन प्रभावित नहीं हुआ है। रेलवे पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।