Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jammu : हमेशा के लिए शांत हो गई राजौरी की बुलंद आवाज, भाजपा वरिष्ठ नेता कुलदीप राज गुप्ता का निधन

    By Rahul SharmaEdited By:
    Updated: Thu, 18 Aug 2022 08:47 AM (IST)

    कुलदीप राज गुप्ता के पार्थिव शरीर को राजौरी शहर लाया गया जहां उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई और जीवन के सभी क्षेत्रों के लोग श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उनके आवास पर पहुंचे। कुलदीप राज गुप्ता राजौरी के एक मजबूत राजनीतिक व्यक्तित्व थे।

    Hero Image
    राजौरी व पुंछ के अधिकतर लोग कुलदीप राज गुप्ता को काफी पसंद करते थे।

    राजौरी, जागरण संवाददाता : पिछले पांच दशकों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े एक प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता, राजनेता कुलदीप राज गुप्ता का निधन हो गया। इनके साथ ही हमेशा के लिए राजौरी की बुलंद आवाज भी शांत हो गई। उन्होंने पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी व पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी के करीबी सहयोगी के रूप में काम किया था। प्रधानमंत्री मोदी के साथ में उन्हें काम करने का अवसर मिला था। उनके निधन की सूचना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। आज वीरवार को दिन में करीब 11:30 बजे शांति घाट, राजौरी में इनका अंतिम संस्कार किया जाएगा, जिसमें भाजपा के कई वरिष्ठ नेता पहुंच कर अपने नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राजौरी मुख्य शहर के निवासी कुलदीप राज गुप्ता को कुछ दिनों पहले कुछ आंतरिक चोटों का सामना करना पड़ा था और जीएमसी एसोसिएटेड अस्पताल राजौरी में उनका इलाज चल रहा था। हालत में सुधार न होता देख उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर किया गया था, जहां उनका पिछले तीन दिनों से इलाज चल रहा था और बुधवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

    कुलदीप राज गुप्ता के पार्थिव शरीर को राजौरी शहर लाया गया, जहां उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई और जीवन के सभी क्षेत्रों के लोग श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उनके आवास पर पहुंचे। कुलदीप राज गुप्ता राजौरी के एक मजबूत राजनीतिक व्यक्तित्व थे। वह भारतीय जनसंघ के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे और लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी दोनों के करीबी सहयोगी थे और तबसे पार्टी से जुड़े हुए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भी करीबी माने जाते थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उस समय काम किया जब वह (मोदी) जम्मू कश्मीर के प्रभारी थे।

    कुलदीप राज गुप्ता को देश में आपातकाल के दिनों में भी जेल में डाल दिया गया था और काफी दिनों तक हिरासत में रखा गया था। उन्होंने विशेष रूप से आतंकवादी हमलों के कारण नागरिकों की हत्याओं के खिलाफ राजौरी और पुंछ में विभिन्न आंदोलनों का नेतृत्व किया। उन्हें जम्मू और कश्मीर पहाड़ी सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष के रूप में भी नामित किया गया था और भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार के कार्यकाल में उपाध्यक्ष के तौर पर कार्य किया। उन्हें राज्यमंत्री का दर्ज दिया गया था। कुलदीप राज गुप्ता सभी समुदायों, सभी धर्मों के लोगों को साथ लेकर चलते रहे और राजौरी व पुंछ के अधिकतर लोग कुलदीप राज गुप्ता को काफी पसंद करते थे।

    आज होगा अंतिम संस्कार : कुलदीप राज गुप्ता का आज वीरवार को दिन में साढ़े 11 बजे अंतिम संस्कार श्मशान घाट राजौरी में किया जाएगा। 11 बजे उनका पार्थिव शरीर घर से निकाला जाएगा। विभिन्न मार्गों से पार्थिव शरीर को गुजारा जाएगा, ताकि हर कोई उनके अंतिम दर्शन कर सके। इसके बाद पार्थिव शरीर को श्मशान घाट में लाया जाएगा, जहां पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।