VIDEO: कश्मीर में स्नोफॉल से सफेद हुए पहाड़, अगले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम?
कश्मीर में हाल ही में हुई बर्फबारी से पहाड़ पूरी तरह से सफेद हो गए हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके अनुसार तापमान में गिरावट जारी रहेगी और कुछ क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। स्थानीय लोगों को ठंड से बचने और यात्रा में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

कश्मीर में बर्फ से ढके पहाड़ (एएनआई फोटो)
जागरण संवाददाता, जम्मू। पिछले दिनों हुई वर्षा के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज होने से अचानक सर्दी की दस्तक के बाद फिर से मौसम सामान्य होने लगा है।
मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार 18 अक्तूबर तक प्रदेश में आमतौर पर शुष्क ; सूखा मौसम बने रहने की संभावना है। 19 से 20 अक्तूबर को आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ मुख्यतः शुष्क मौसम की संभावना। 21 से 22 अक्तूबर सामान्यतः शुष्क मौसम की स्थिति बनी रहेगी। फिलहाल, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है।
आने वाले 7 दिनों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। शनिवार को मौसम आमतौर पर अधिकतर इलाकों में शुष्क रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ;आइएमडी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में शनिवार को अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क और सामान्य रहा। प्रदेश के किसी भी इलाके में वर्षा दर्ज नहीं की गई।
#WATCH | जम्मू-कश्मीर | बर्फबारी के बाद भद्रवाह घाटी के ऊंचे इलाके बर्फ से ढके दिखे। pic.twitter.com/ckW850sExE
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 12, 2025
जम्मू में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री और न्यूनतम 6.7 डिग्री रहा।कश्मीर घाटी के अन्य हिस्सों में भी मौसम शुष्क बना रहा।
कुपवाड़ा में अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री, पहलगाम में 19.5 डिग्री और गुलमर्ग में 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान क्रमशः 5.0, 2.8 और 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में सामान्य से अधिक तापमान के साथ मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। दिन के समय धूप खिली रहेगी जबकि रातें हल्की ठंडी रहेंगी।
मौसम आंकड़ों के अनुसार, सुबह और शाम की आर्द्रता में भी अंतर देखा गया। श्रीनगर में सुबह की आर्द्रता 76 प्रतिशत और शाम की 52 प्रतिशत रही, जबकि जम्मू में यह क्रमशः 78 और 50 प्रतिशत रही। कुल मिलाकर, जम्मू-कश्मीर में फिलहाल मौसम साफ और सुखद बना हुआ है तथा किसी बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।