Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू में 14 साल बाद रिकॉर्ड तोड़ ठंड, डल झील समेत कश्मीर के कई जलाशय जमे; स्कूलों की बढ़ीं छुट्टियां

    Updated: Thu, 15 Jan 2026 07:57 AM (IST)

    जम्मू में शीतलहर से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 14 साल बाद बुधवार को दिन का तापमान सामान्य से 10.1 डिग्री गिरकर 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    14 साल बाद जम्मू में कड़ाके की ठंड जनवरी में चौथी बार सर्द दिन बीता। सांकेतिक तस्वीर

    जागरण संवाददाता, श्रीनगर/जम्मू। जम्मू में शीतलहर से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच बुधवार को 14 सालों बाद जम्मू में दिन का तापमान सामान्य तापमान से 10.1 डिग्री गिरकर 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अब तक का जनवरी में दिन में चौथी बार न्यूनतम तापमान है। इससे पहले 2011 में जम्मू में जनवरी में दिन का न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा था।

    पारे में जबरदस्त गिरावट से श्रीनगर, पहलगाम और गुलमर्ग के साथ प्रदेश के अन्य जिलों से भी जम्मू ठंडा रहा और इस सीजन का सबसे अधिक सर्द दिन बीता। ठंड को देखते हुए जम्मू संभाग के समर जोन के सरकारी व निजी स्कूलों में सर्दी की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। कोहरे के कारण रेल और हवाई सेवाएं लगातार प्रभावित हैं।

    वहीं, रात के तापमान में गिरावट से विश्व विख्यात डल झील समेत कश्मीर के अन्य खुले में जलाशय जम गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 16 जनवरी से मौसम में उतार चढ़ाव रहेगा। 20 जनवरी तक कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

    हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन का पारा सामान्य तापमान से 7 से 9 डिग्री ऊपर चल रहा है। जम्मू में मकर संक्रांति पर दिनभर कोहरा छाया रहा। दृश्यता की कमी से सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। शरीर में कंपकंपी बढ़ाने वाली ठंड का बाजार पर भी असर दिख रहा है।

    यहां न्यूनतम तापमान भी सामान्य तापमान 2.9 डिग्री गिरकर 4.0 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी श्रीनगर में अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से 6.7 डिग्री चढ़कर 13.3, पहलगाम में 10.6 और गुलमर्ग में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    सर्दी की छुट्टियों को 17 जनवरी तक बढ़ाया गया

    कड़ाके की ठंड को देखते हुए जम्मू संभाग के समर जोन के अंतर्गत आने वाले सरकारी और निजी स्कूलों में सर्दी की छुट्टियों को 17 जनवरी तक बढ़ा दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग जम्मू के निदेशक डॉ. नसीम जावेद चौधरी की तरफ से जारी आदेश टीचिंग स्टाफ और विद्यार्थियों पर लागू होगा।

    हालांकि, बोर्ड की परीक्षाएं 10वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षाएं अपने निर्धारित शेड्यूल के तहत ही होगी। स्कूलों को छठी कक्षा से आगे आनलाइन कक्षाएं चलाने की संभावनाओं पर विचार करने के लिए कहा गया है। गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां अपने निर्धारित समय पर ही चलेगी। पहले स्कूल 15 जनवरी को खुलने थे लेकिन अब छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं।