Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Jharkhand Crime: बोकारो में IRB जवान की गोली मारकर हत्या, गुस्साए लोगों ने उठाया ये कदम

    Updated: Tue, 28 Oct 2025 10:16 AM (IST)

    झारखंड के बोकारो में एक IRB जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर टायर जलाकर विरोध जताया।

    Hero Image

    हत्या के विरोध में धरना-प्रदर्शन करते लोग

    जागरण संवाददाता, बोकारो। चास थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी स्थित गाय घाट के पास सोमवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आईआरबी (इंडिया रिजर्व बटालियन) के जवान अजय यादव उर्फ सोनू (28 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामूली विवाद के बाद हुई इस वारदात से पूरा इलाका दहशत में है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मृतक समाजसेवी लक्ष्मी नारायण यादव का छोटा पुत्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब आठ से नौ बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि सोनू और बलराम तिवारी नामक युवक के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी।

    कुछ देर बाद बलराम अपने साथियों के साथ गाय घाट स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचा, जहां सोनू अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान बलराम ने पिस्टल निकालकर सोनू पर तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली सोनू के पेट में तीन जगह लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

    स्वजनों ने बताया कि मृतक सोनू आईआरबी में जवान था और उसकी पोस्टिंग गिरिडीह में थी। वह छठ पर्व की छुट्टी पर घर आया हुआ था। हत्या की घटना के विरोध में लाेगों ने सड़क जाम कर दिया है। लोग हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

    अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

    स्थानीय लोगों की मदद से घायल सोनू को आनन-फानन में बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।

    पुलिस ने पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी बलराम तिवारी और उसके साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है। चास एसडीपीओ ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी जल्द होगी।

    हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बीजीएच और मृतक के घर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने एहतियातन इलाके में गश्त बढ़ा दी है।

    जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी बलराम तिवारी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह कई बार जेल जा चुका है और उसपर पुलिस जवान पर जानलेवा हमला करने का मामला भी दर्ज है।