बोकारो के मुरपा जंगल में सुरक्षा बलों का सर्च अभियान जारी, भारी मात्रा में हथियार व मैगजीन बरामद
बोकारो के मुरपा जंगल में पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ा तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान, सुरक्षा बलों ने दो एसएलआर राइफल, मैगजीन और गोलियां बरामद कीं। यह बरामदगी आत्मसमर्पण कर चुके नक्सली भोला कोड़ा की निशानदेही पर हुई। पुलिस भोला से पूछताछ कर नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है, जिस पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
-1760363500750.webp)
मुरपा जंगल में सुरक्षा बलों का सर्च अभियान जारी। (जागरण)
जागरण संवाददाता, बेरमो। बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के मुरपा जंगल में सोमवार को नक्सलियों के विरुद्ध पुलिस ने एक व्यापक छापामारी अभियान चलाया।
अभियान का नेतृत्व बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार ने किया। अभियान में गोमिया अंचल (तेनुघाट) के पु.नि. जितेन्द्र कुमार, सीआरपीएफ 154 बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी अभिनव आनंद, चतरोचट्टी थाना प्रभारी दीपक कुमार राणा, आंगो थाना प्रभारी जानु कुमार, बड़कागांव थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता के साथ झारखंड जगुआर की टीम और सशस्त्र बल शामिल थे।
छापामारी का उद्देश्य क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना और उनके ठिकानों की खोजबीन करना था। सुरक्षाबलों ने जंगल के कई भागों में सघन तलाशी ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नक्सलियों की उपस्थिति से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनकी जांच जारी है। अभियान के दौरान सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क रहे और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया।
एक अन्य सर्च अभियान के दौरान चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के मुरपा जंगल के निकट पुलिस, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने दो एसएलआर राइफल, मैगज़ीन और गोलियां बरामद कीं। यह बरामदगी आत्मसमर्पण किए गए नक्सली भोला कोड़ा (उर्फ रोहित कोड़ा / विकास) की निशानदेही पर हुई।
माओवादी दस्ता के सदस्य बीरसेन (उर्फ चंचल) और उसकी टीम के विरहोरडेरा जंगल में सक्रिय होने की सूचना के आधार पर सीआरपीएफ कोवरा 209 बटालियन तथा बोकारो जिला पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया था।
इसी दौरान हुई मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए और प्रवेज दा, चंचल दा,विशन दा, राजू (उर्फ फुलचंद मांझी) सहित कई नक्सली मौके से फरार हो गए।
भागते समय भोला कोड़ा व फुलचंद मांझी ने अपने दो एसएलआर हथियार मुरपा के समीप एक बांस की टेकरी के पास मिट्टी में गाड़कर छिपा दिए थे। बाद में भोला कोड़ा ने बिहार के मुंगेर में आत्मसमर्पण कर दिया और हजारीबाग पुलिस रिमांड के दौरान उसने छिपाए गए हथियारों की जानकारी दी।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कोयला प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक के नेतृत्व में हजारीबाग पुलिस, बोकारो पुलिस, झारखंड जगुआर एवं सीआरपीएफ 154 बटालियन की टीम ने संयुक्त छापेमारी कर हथियार बरामद किए। पकड़े गए हथियारों को जब्त कर संबंधित थाना लाया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
बंडकागांव थाना कांड संख्या 166/25 में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बंडकागांव पुलिस ने कुख्यात नक्सली अपराधी भोला कोड़ा (उर्फ रोहित/विकास, उम्र 21 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपी का पैतृक गांव पैसरा, थाना लडैयाटांड, जिला मुंगेर (बिहार) बताया गया है।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी के कब्जे से कई हथियार, मैगज़ीन एवं गोलियां बरामद हुई हैं। बरामद सामान से स्पष्ट होता है कि आरोपी सक्रिय नक्सली दस्ता से जुड़ा था और हथियारबंद गतिविधियों में संलिप्त था। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क और हथियार आपूर्ति चैन का पता लगाने में जुटी है।
अपराधिक रिकॉर्ड के अनुसार भोला कोड़ा पर बिहार और झारखंड के कई जिलों में दर्ज गंभीर मामलों में आरोप लगे हुए हैं। उसके खिलाफ लडैयाटांड, कजरा, पीरी बाजार, हवेली खड़कपुर और महुआटांड थानों में दर्ज प्राथमिकी में भारतीय दण्ड संहिता की धारा 121 (देश के खिलाफ युद्ध छेड़ना), 307 (हत्या का प्रयास), 120बी (षड्यंत्र), 353 (सरकारी कार्य में बाधा) के साथ-साथ आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और यूएपीए की धाराएं भी शामिल हैं।
हथियारों की बरामदगी
- एसएलआर राइफल - 2
- एसएलआर एलएमजी के लिए खाली मैगजीन - 1
- एसएलआर के खाली मैगजीन - 5
- जिंदा गोलियां - 233
- मैगजीन पाउच - 2
- फुल ध्रु - 3
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।