पहले डायन बताकर किया प्रताड़ित फिर चाकू मारकर कर दी हत्या, शव को गाड़कर भागे
देवघर के देवीपुर में किरण हांसदा नामक महिला की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया गया। मृतका के भाई ने डायन बताकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है। पारिवारिक विवाद के चलते हत्या की आशंका है और आरोपित घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

जागरण संवाददाता, देवघर। जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के कौशलीडीह गांव निवासी 30 वर्षीय किरण हांसदा की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया गया । मृतका के भाई दुर्गाडीह गांव निवासी लोबा हांसदा व उसकी मां ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतका के ससुराल पहुंचकर मामले की छानबीन की।
पुलिस द्वारा छानबीन के क्रम में घटना से जुड़ी सारी कहानी का पता चल गया। उसके बाद पुलिस द्वारा शव को मिट्टी खोदकर बाहर निकाला गया। मृतका के भाई का आराेप है कि उसकी बहन को डायन कहकर उसकी हत्या कर दी गई है।
मृतका के भाई ने बताया कि उसकी बहन की गला काटकर, उसके जलाकर मारा गया है। वहीं उसके शरीर पर मारपीट किए जाने को लेकर चोट का निशान भी हैं। उसने बताया कि उसकी चाची केरल में रहती है। उसने बताया था कि उसकी बहन तीन-चार दिन से लापता है। इस सूचना पर उसने अपने स्तर पर पता किया लेकिन बहन का कुछ पता नहीं चल पाया। उसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की पहल पर मृतका के ससुराल के पास शव एक टूटे फूटे घर में मिट्टी के नीचे से बरामद किया गया था। उक्त घर मृतका के एक देवर के हिस्से में है। वह उसका पुराना घर है वह जगह उसके वर्तमान घर के पीछे स्थित है।
मृतका के शव को देखने से लगता है कि उसकी हत्या तीन-चार दिन पहले ही की गई है। उसकी बेरहमी से हत्या करने के बाद शव को प्लास्टिक व बोरा में बांधकर उक्त टूटे हुए घर में मिट्टी के अंदर गाड़ दिया गया ताकि उसका कुछ पता नहीं चल पाए। भाई के मुताबिक उसके ससुराल वाले बहन को पहले से डायन कहकर प्रताड़ित करते थे।
चूल्हे पर बन रहे मुर्गा को छोड़कर भागे आरोपित
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतका का पति प्रमोद मरांडी बाहर काम करता है। उसके तीन और भाई हैं। सभी लोग पास में घर बनाकर रहते हैं। प्रमोद व उसकी पत्नी का उन लोगों से पहले से अनबन चलता है। इस कारण उनके बीच पहले से बातचीत तक बंद है।
पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक घटना से पहले आंगन में बर्तन धो रही थी। इस दौरान उसका किसी बात को लेकर अपने देवर व उसके घर वालों से कहासुनी हो गई। इस कारण उन लोगों ने मृतका के साथ मारपीट की। उसके गले पर चाकू से वार किया। जिस कारण उसकी मौत हो गई।
उसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए पहले शव को पहले जलाने का प्रयास किया गया। लेकिन पकड़े जाने के डर से बाद में मृतका के शव को एक देवर के घर के पीछे स्थित पुराने घर के अंदर मिट्टी में गाड़ दिया गया। घटना के बाद से तीन परिवार के सभी सदस्य अपने घर का जानवर तक लेकर फरार हो गए।
जांच के क्रम में पुलिस ने बताया कि आरोपित उस वक्त मुर्गा बना रहे थे। इसी दौरान झगड़ा हुआ। इस कारण चूल्हे पर कड़ाई पर मुर्गा बनता छोड़ वे लोग मौके पर से फरार हो गए। वहीं मृतका जोकि नल पर बर्तन धो रही थी वह बर्तन भी वहीं पड़ा हुआ मिला। पुलिस आरोपितों की तलाश में पूरी रात छापेमारी करती रही। लेकिन अब तक उनका कुछ पता नहीं चल पाया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।