छठ महापर्व के बाद भी ट्रेनों में वेटिंग का दंगल, मुंबई मेल में 2 नवंबर तक नो रूम
छठ महापर्व के बाद भी ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ है। मुंबई जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट है, खासकर मुंबई मेल में 2 नवंबर तक कोई सीट उपलब्ध नहीं है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है और उन्हें यात्रा के लिए अन्य विकल्प देखने पड़ रहे हैं। छठ के बाद भी ट्रेनों में भीड़ कम नहीं हो रही है।

छठ महापर्व के बाद भी ट्रेनों में वेटिंग का दंगल
जागरण संवाददात, धनबाद। छठ महापर्व की पावन छटा के बीच रेलवे स्टेशनों पर एक अलग ही जंग का माहौल है। रविवार को जहां कुछ यात्रियों ने छुट्टी मिलते ही अपनों के लिए घर की राह पकड़ी तो वहीं अब नजरें महापर्व के पारण के बाद की वापसी यात्रा पर टिकी हैं। धनबाद स्टेशन पर गूंजते छठ के लोकगीतों के मधुर स्वर के बीच टिकट खिड़कियों पर बैकलाग का तनाव है।
दरअसल, यह चुनौती सिर्फ जाने की नहीं बल्कि लौटने की है। मंगलवार को पारण होते ही घर वापसी के लिए यात्रियों का सैलाब उमड़ने वाला है जिसका असर अभी से टिकटों पर दिख रहा है। देश की राजधानी दिल्ली की ओर जाने वाली दोनों राजधानी ट्रेनों में टिकट बुकिंग संभव नहीं।
यही नहीं सिर्फ राजधानी ही नहीं स्पेशल ट्रेनों का हाल भी बुरा है। 28 अक्टूबर को नई दिल्ली के लिए चलने वाली चार स्पेशल ट्रेनों सहित रोजाना चलने वाली धनबाद-नई दिल्ली स्पेशल और हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल में 31 अक्टूबर तक एक भी सीट खाली नहीं है।
सबसे अधिक विकट स्थिति मुंबई और सूरत जाने वाली ट्रेनों की है। 12321 मुंबई मेल में दो नवंबर तक नो रूम है। धनबाद-सूरत (13425) एक्सप्रेस में तो आठ नवंबर तक टिकट मिलना असंभव है और दिसंबर तक लंबी वेटिंग लिस्ट है। यहां तक कि दक्षिण भारत की ओर जाने वाली एलेप्पी एक्सप्रेस के स्लीपर और एसी क्लास भी पूरी तरह भर चुके हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।