Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Constitution बचाने के नाम पर भी एक नहीं हुए कांग्रेसी, अलग-अलग मंच से भाजपा पर किया हमला

    By Ashish Singh Edited By: Mritunjay Pathak
    Updated: Wed, 26 Nov 2025 07:16 PM (IST)

    Constitution Day: धनबाद में संविधान दिवस पर कांग्रेस में फूट नजर आई। जिला कांग्रेस कमेटी और अनुसूचित जाति विभाग ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए, जिसमें संविधान की रक्षा और लोकतंत्र के खतरे पर बात हुई। अनुसूचित जाति विभाग ने भाजपा सरकार पर संविधान पर हमला करने का आरोप लगाया, जबकि जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा पर संविधान की हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया।

    Hero Image

    धनबाद के डीआरएम चाैक पर कार्यक्रम में भाग लेते कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता।

    जागरण संवाददाता, धनबाद। संविधान दिवस के अवसर पर धनबाद जिला कांग्रेस में बुधवार को स्पष्ट रूप से दो खेमों की गतिविधि देखने को मिली। जिला कांग्रेस कमेटी और अनुसूचित जाति विभाग, दोनों ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए। इससे पार्टी के अंदर बढ़ते मतभेद एक बार फिर सतह पर आ गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दोनों आयोजनों में संविधान की रक्षा, लोकतंत्र पर खतरे और भाजपा सरकार पर हमले जैसे मुद्दे तो समान रहे, लेकिन नेतृत्व की एकजुटता नदारद दिखाई दी। संविधान की रक्षा का संदेश देने वाले इन कार्यक्रमों ने कांग्रेस की आंतरिक चुनौती भी उजागर कर दी।

    एक ही दिन दो अलग-अलग सभाओं का आयोजन इस बात का संकेत है कि बाबा साहब के संविधान से समानता व एकता का पाठ पढ़ने के बावजूद कांग्रेस की स्थानीय इकाई में गुटबाजी लगातार गहराती जा रही है।

    अनुसूचित जाति विभाग का कार्यक्रम : केंद्र सरकार पर हमला

    अनुसूचित जाति विभाग की ओर से रणधीर वर्मा चौक पर संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्ष राजू दास ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना सामूहिक रूप से पढ़ी और उसकी रक्षा का संकल्प दोहराया।

    राजू दास ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में संविधान पर निरंतर हमले हो रहे हैं और लोकतंत्र की आत्मा को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अनुसूचित जाति विभाग के कार्यक्रम को पार्टी के कुछ लोगों द्वारा ‘हाइजैक’ करने की कोशिश की जाती है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

    शमशेर आलम ने कहा कि बाबा साहब का संविधान वंचितों का आधार है, परंतु केंद्र की सरकार बार-बार संविधान बदलने की बात कर लोकतंत्र को खतरे में डाल रही है। राजेश्वर सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान की रक्षा के लिए संघर्षरत रहेगी।

    रवींद्र वर्मा ने संविधान विरोधी गतिविधियों को चिंताजनक बताते हुए नागरिकों से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की अपील की। कार्यक्रम में पप्पू कुमार पासवान, योगेंद्र सिंह योगी, अवधेश पासवान, बब्लू दास, पिंटू तुरी, रत्नेश यादव, प्रीतम रवानी, मासूम खान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

    संतोष सिंह ने कहा, मरते दम तक नहीं बदलने देंगे संविधान

    धनबाद कांग्रेस जिला कमेटी की ओर से डीआरएम कार्यालय के समीप जिलाध्यक्ष संतोष सिंह की अध्यक्षता में संविधान बचाओ दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश यादव ने किया। वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

    जिलाध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहब के सम्मान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए यह कार्यक्रम पूरे देश में चलाया जा रहा है। उन्होंने भाजपा पर संविधान की हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया। झारखंड प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने संविधान निर्माण में बाबा साहब की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से आज सभी नागरिकों को समान अधिकार प्राप्त हैं।

    मौके पर सुल्तान अहमद, मदन महतो, मुख्तार खान, कुमार गौरव, जाहिर अंसारी, सीता राणा, गोपाल कृष्णा चौधरी, कय्यूम खान, राजेश्वर यादव, मनोज यादव, रणजीत पांडेय, जयमंगल यादव, तारिक अनवर उपस्थित थे।