Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राहुल गांधी के बाद झारखंड कांग्रेस भी वोट चोरी पर चलाएगी अभियान, आज कैंडल मार्च से होगी शुरुआत

    झारखंड कांग्रेस कमेटी ने राज्यभर में वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान चलाने का फैसला किया है। 14 अगस्त को कैंडल मार्च से शुरुआत होगी जिसके बाद 22 अगस्त से 7 सितंबर तक जन जागरूकता रैलियां होंगी। 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक घर-घर हस्ताक्षर अभियान चलाकर 5 करोड़ हस्ताक्षर जुटाए जाएंगे और राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे।

    By Ravi Shankar Singh Edited By: Krishna Parihar Updated: Thu, 14 Aug 2025 07:00 AM (IST)
    Hero Image
    राहुल गांधी के बाद झारखंड कांग्रेस भी वोट चोरी पर चलाएगी अभियान, शुरुआत आज कैंडल मार्च से

    जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्यभर में वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान चलाने का फैसला किया है। पहले चरण में 14 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला और युवा संगठन के सदस्य कैन्डल मार्च निकालेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दूसरे चरण में 22 अगस्त से 7 सितंबर तक राज्यभर में जन जागरूकता रैलियां होंगी, जिनका नेतृत्व वरिष्ठ नेता करेंगे। तीसरे चरण में 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक घर-घर हस्ताक्षर अभियान चलाकर 5 करोड़ हस्ताक्षर जुटाए जाएंगे। इसके बाद इसकी प्रति राष्ट्रपति को सौंपी जाएगी।

    कैंडल मार्च से अभियान की शुरुआत

    शुरुआत गुरुवार को कैंडल मार्च से होगा। इस कड़ी में धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर कांग्रेसी कैंडल मार्च निकाल कर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष जताएंगे। जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि प्रदेश कमेटी से मिले निर्देश के अनुसार गुरुवार को रणधीर वर्मा चौक पर विशाल कैंडल लाइट मार्च निकाला जाएगा।

    इसमें कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे। सांसद, विधायक से लेकर पूर्व सांसद व पूर्व विधायक व अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी समेत कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता कैंडल मार्च में हिस्सा लेंगे। वहीं, 22 अगस्त से सात सितंबर तक विशाल वोट चोर गद्दी छोड़ नाम से रांची में राज्य स्तरीय रैली होगी।

    इस रैली में सभी 24 जिलों से कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल अपने दमखम के साथ शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि रैली में भाजपा व चुनाव आयोग के गठजोड़ को उजागर करने की कोशिश होगी।

    धनबाद के कार्यकारी अध्यक्ष राशिद रजा अंसारी ने बताया कि पार्टी के निर्देश पर धनबाद समेत प्रदेश भर में 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल के निर्देश पर देश भर में अभियान चलेगा।

    उन्होंने कहा कि यह केवल वोट चोरी उजागर करने का मसला नहीं है, बल्कि संविधान की रक्षा का संकल्प है। अभियान में धनबाद के प्रखंड से लेकर मंडल व पंचायतों के स्तर पर भी अभियान चलाने की योजना बनी है।

    अभियान से जुड़े सभी योजना का नेतृत्व जिलाध्यक्ष संतोष सिंह करेंगे। अभियान में जिलाध्यक्ष वरिष्ठ कांग्रेसियों के मार्गदर्शन से पार्टी को मजबूती देने की कोशिश करेंगे।