Jharkhand Monsoon: धनबाद में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू, कई जिलों में 18 से 20 तक भारी बारिश का अर्ल्ट
धनबाद में झुलसाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है क्योंकि प्री-मानसून की बारिश शुरू होने वाली है। मौसम विभाग ने 18 से 20 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई हिस्सों में आंधी और वज्रपात की भी संभावना है। इस सप्ताह तापमान में गिरावट आने से गर्मी से राहत मिलेगी। मानसून के आगमन की परिस्थितियां अनुकूल हैं।

जागरण संवाददाता, धनबाद। झुलसाने वाली धूप और उमस भरी गर्मी के बीच प्री-मानसून की बारिश अब राहत देने वाली है। सोमवार से प्री-मानसून की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। ज्यादातर हिस्से में वर्षा होने के आसार हैं। कहीं-कहीं गर्जन के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज आंधी भी चल सकती है। मंगलवार को भी गरज व चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।
18 से 20 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। धनबाद के साथ बोकारो, जामताड़ा, गिरिडीह समेत राज्य के कई हिस्से में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। आंधी-बारिश के साथ वज्रपात का भी खतरा बना रहेगा।
मौसम केंद्र रांची से जारी पूर्वानुमान में अगले तीन दिनों में झारखंड में मानसून के आगमन की परिस्थिति अनुकूल है। मानसून के प्रवेश से पहले प्री-मानसून की बारिश भीषण गर्मी से राहत दिलाएगी।
इन प्रणालियों के सक्रिय होने से बदलेगा मौसम
मध्य प्रदेश से झारखंड व पश्चिम बंगाल तक ट्रफ गुजर रहा है। उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश में चक्रवाती घेरा बन गया है। साथ ही बंगाल की खाड़ी में भी चक्रवाती घेरा सक्रिय है। इन तीनों प्रणाली के एक साथ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा।
मानसून के जानकार डॉ. एसपी यादव का कहना है कि मौसम में आ रहा बदलाव मानसून के आगमन का संकेत है। परिस्थतियां अनुकूल रहीं तो 18-19 तक मानसून का आगमन होने की संभावना है।
दोपहर तक आसमान से बरसी आग, शाम में कहीं-कहीं पड़ी बौछारें
रविवार को सुबह से ही प्रचंड गर्मी ने जन जीवन को प्रभावित किया। सुबह सूर्याेदय के साथ ही गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, धूप भी तेज होती गई। दोपहर में आसमान से आग बरसी तो गर्म हवाओं ने लू का एहसास कराया। शाम में कहीं-कहीं बौछारें पड़ी। चंद मिनटों की हल्की बौछारों ने उमस बढ़ा दी। रात में भी गर्म हवाओं ने परेशान किया।
इस सप्ताह तेजी से गिरेगा पारा, गर्मी से मिलेगी राहत
बारिश की गतिविधियां शुरू होने से इस सप्ताह तापमान में तेजी से गिरावट के आसार हैं। 35-36 डिग्री तक पहुंचा अधिकतम तापमान अगले चार-पांच दिनों में 28-29 डिग्री तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान में एक-दो डिग्री गिरावट का अनुमान है।
अगले पांच दिनों का संभावित तापमान
| दिन | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| सोमवार | 33 | 26 |
| मंगलवार | 30 | 26 |
| बुधवार | 29 | 25 |
| गुरुवार | 28 | 25 |
| शुक्रवार | 29 | 25 |

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।