Dumka Minor Girl Murder: आदिवासी किशोरी की हत्या करने वाले अरमान का पता नहीं लगा पाए तो छिन गई थानेदारी...पढ़िए पूरी खबर
दरअसल शव बरामदी के बाद आरोपित राज मिस्त्री अरमान अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हत्या व दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। आठ दिन की जांच के बावजूद भी थाना प्रभारी आरोपित अरमान की मां और बहन का पता नहीं लगा सके।

जागरण संवाददाता, दुमका: दो सितंबर को श्रीअमड़ा गांव में पेड़ से लटकी मिली आदिवासी किशोरी के मामले की जांच में लापरवाही बरतना विश्वविद्यालय थाना प्रभारी सुजीत उरांव को महंगा पड़ा है। वे न तो आरोपित अरमान का मूल निवास पता कर सके, न ही उसकी मां व बहन का सुराग लगा सके। एसपी ने शुक्रवार की शाम उन्हें पद से हटा दिया। उनको हंसडीहा थाना भेज दिया। उनकी जगह जरमुंडी में तैनात आकृष्ट अमन को नया थाना प्रभारी बनाया गया है। शनिवार को आकृष्ट अमन ने आकर योगदान दे दिया।
दरअसल, शव बरामदी के बाद आरोपित राज मिस्त्री अरमान अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हत्या व दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। आठ दिन की जांच के बावजूद भी थाना प्रभारी आरोपित अरमान की मां और बहन का पता नहीं लगा सके। ये दोनों भी अरमान के साथ रहती थीं। घटना के बाद उन्होंने दोनों से पूछताछ भी नहीं की थी। वे दोनों अब गायब हैं।
पांच सितंबर को बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो दुमका आए थे। उन्होंने भी आश्चर्य जताया था कि पुलिस ने अरमान के स्वजनों से पूछताछ करना जरूरी नहीं समझा। किशोरी को चार माह का गर्भ था। वह अरमान के घर भी अक्सर रुक जाती थी। निश्चित ही वे उसके बारे में जानते होंगे। हो सकता है कि हत्याकांड में उनका भी हाथ हो। अरमान श्रीअमड़ा में किराये के घर में रहता था। उस घर में ताला लटका मिला, उसका मूल घर का भी पता नहीं चला है। डीआइजी सुदर्शन प्रसाद मंडल ने भी शुक्रवार को थाना प्रभारी सुजीत उरांव को फटकारा था। इसके बाद एसपी ने उन्हें हटा दिया। पुलिस अब अरमान को रिमांड लेने की कवायद में लगी है। अदालत में आवेदन दे दिया है। रविवार को बंदी है। सोमवार को रिमांड पर अदालत में सुनवाई होगी। रिमांड में अरमान को लेने के बाद पुलिस उससे कुछ उगलवा सकेगी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस को अरमान ने बताया था कि उसका मूल घर पिनगड़िया में है। छानबीन में वह पता गलत निकला। वहां के लोगों ने पुलिस को बताया कि यहां कोई अरमान नहीं रहता था। अब रिमांड पर अरमान को लेने के बाद पुलिस जानकारी लेगी कि उसका मूल निवास कहां है, घर में किशोरी का आना जाना था तो मां व बहन का क्या रोल था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।