शहर को आज गया पुल का जाम करेगा परेशान, धनबाद रेल मंडल ने किया अलर्ट
धनबाद रेलवे स्टेशन के नजदीक रांगाटांड स्थित गया पुल को रेलवे ने मरम्मत करने का निर्णय लिया है। इसके लिए धनबाद रेल मंडल ने 7 घंटे का ब्लाक लिया है। इस दाैरान गया पुल में भारी जाम की संभावना है।

जागरण संवाददाता, धनबाद। शहर के लिए आज रविवार का दिन परेशानी भरा रहेगा। धनबाद रेलवे स्टेशन के नजदीक गया पुल होकर बैंक मोड़ से रांगाटांड और रांगाटांड से बैंक मोड़ आने-जाने वालों को जाम से दो चार होना पड़ेगा। यह जाम दिनभर लगा रहेगा। आम लोगों की असुविधा को देखते हुए धनबाद रेल मंडल ने पहले ही 7 घंटे का ब्लाक लेने की घोषणा कर दी है। धनबाद पुलिस को भी ब्लाक लेने की लिखित जानकारी दी गई है। ऐसे में अच्छा यह रहेगा कि बहुत जरूरी काम न होने की स्थिति में लोग अपने घरों में रहें। न घर से निकलेंगे और न ही जाम में फंसेंगे की नाैबत आएगी।

10 से 5 के बीच 7 घंटे का ब्लाक
रविवार को धनबाद वासियों को दोहरी असुविधा झेलनी होगी। गोशाला पुल के नीचे अंडरपास निर्माण के मद्देनजर रेलवे ने पहले ही पैसेंजर ट्रेनों को रद करने का ऐलान कर दिया है। अब इसके साथ ही रांगाटांड गया पुल से होकर चलने वाली गाड़ियां भी प्रभावित रहेंगी। सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे तक गया पुल के आधे हिस्से से ही गाड़ियां चलेंगी। पुल के मेंटेनेंस को लेकर रेलवे ने 7 घंटे का ब्लॉक लिया है।
गया पुल होकर प्रतिदिन लाखों की संख्या में गुजरते वाहन
रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की ओर से कहा गया है कि गया पुल के मरम्मत की आवश्यकता है। इसके मद्देनजर ट्रैफिक ब्लॉक लेकर उसकी मरम्मत कराई जाएगी। मेंटेनेंस के दौरान गया पुल से गाड़ियों का आवागमन पूरी तरह बाधित नहीं रहेगा। पहले आधे हिस्से में ब्लॉक लेकर उसका मेंटेनेंस होगा। उसके पूरा हो जाने पर दूसरे हिस्से का काम होगा। रांगाटांड होकर रोजाना सुबह से शाम तक लाखों गाड़ियां चलती हैं। शहर में प्रवेश का यही इकलौता मुख्य मार्ग है। रविवार को ट्रैफिक ब्लॉक की वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन से सहयोग मांगा गया है। ट्रैफिक नियंत्रण में आरपीएफ की भी मदद ली जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।