झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह को सुप्रीम कोर्ट से जमानत, नीरज सिंह हत्याकांड में जेल में थे बंद
धनबाद के डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। संजीव सिंह पिछले 8 साल से जेल में बंद थे। संजीव सिंह झरिया से भाजपा विधायक रागिनी सिंह के पति हैं। जमानत मिलने से संजीव सिंह के समर्थकों में खुशी की लहर है।

जागरण संवाददाता, धनबाद। अपने चचेरे भाई पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार की हत्या के षड्यंत्र में आठ साल से जेल में बंद झरिया के पूर्व भाजपा विधायक संजीव सिंह को शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय से बड़ी राहत मिली है।
संजीव सिंह के अधिवक्ता मो. जावेद ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति बीआर गवई, न्यायमूर्ति विनोद चंद्रन और न्यायमूर्ति एनबी अंजारिया की खंडपीठ ने वरीय अधिवक्ता सन्नी चौधरी की दलीलें सुनने के बाद संजीव सिंह को जमानत पर मुक्त करने का आदेश दिया है।
सर्वोच्च न्यायालय का आदेश ट्रायल कोर्ट पहुंचते ही वह जमानत पर मुक्त हो जाएंगे। संजीव सिंह 11 अप्रैल 2017 से न्यायिक हिरासत में जेल में हैं। इसके पूर्व संजीव सिंह की जमानत अर्जी तीन बार निचली अदालत से व तीन बार उच्च न्यायालय से खारिज हो चुकी थी।
अधिवक्ता मो. जावेद ने बताया कि उनकी ओर से यह तर्क दिया गया कि इस मामले के आरोपित पिंटू सिंह, संजय सिंह, धनजी सिंह, चंदन सिंह और कुर्बान की जमानत सर्वोच्च न्यायालय से एवं रिंकू सिंह तथा डबलू मिश्रा की जमानत उच्च न्यायालय से हो चुकी है।
सात बीमारियों से हैं ग्रसित
अधिवक्ता की दलील थी कि संजीव सिंह सात विभिन्न प्रकार की बीमारियों से गसित हैं। अभी तक मामले की सुनवाई पूरी नहीं हो पाई है, यह उनके संवैधानिक अधिकार का उल्लंघन है। जेल में संजीव की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।
उन्होंने बताया कि संजीव के विरुद्ध पुलिस ने 28 जून 2017 को आरोपपत्र दायर किया था। तीन जनवरी 19 को अदालत ने संजीव समेत छह के विरूद्ध आरोप का गठन कर दिया था। वर्तमान समय में मुकदमे में बचाव पक्ष की ओर से बहस चल रही है।
स्टीलगेट में हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
21 मार्च 2017 की शाम करीब सात बजे नीरज सिंह, अशोक यादव, निजी अंगरक्षक मुन्ना तिवारी एवं ड्राइवर घोल्टू की हत्या अंधाधुंध गोलियां चलाकर स्टील गेट में की गई थी।
नीरज के भाई अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू सिंह की शिकायत पर प्राथमिकी सरायढेला थाना में विधायक संजीव सिंह, भाई मनीष सिंह, पिंटू सिंह, गया सिंह, महंत पांडेय के विरुद्ध की गई थी।
पुलिस ने संजय सिंह, डबलू मिश्रा, धनजी सिंह, पिन्टू सिंह, संजीव सिंह, अमन सिंह, सोनू उर्फ कुर्बान, सागर उर्फ शिबू, चंदन उर्फ सतीश एवं विनोद कुमार सिंह को इस मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।