पटेल की तरह दृढ़ संकल्पित हो माफियाओं को समाप्त करना है, विधायक जयराम ने कहा- झारखंड में जल, जंगल और जमीन ही खत्म हो जाएगा तो बचेगा क्या
विधायक जयराम महतो ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत को एकता और अखंडता की मजबूत डोर में बांधा। उन्होंने युवाओं से उनके सिद्धांतों को अपनाने का आग्रह किया ताकि वे देश के विकास में योगदान कर सकें। सरदार पटेल ने भारत को एक अखंड राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

धनबाद में सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देते डुमरी विधायक जयराम महतो व अन्य।
जागरण संवाददाता, धनबाद। डुमरी विधायक जयराम महतो ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत को एकता और अखंडता की मजबूत डोर में बांधने का ऐतिहासिक कार्य किया है। स्वतंत्र भारत के निर्माण में जो भूमिका निभाई, उसे देश कभी नहीं भुला सकता।
देश के युवा सरदार पटेल के विचारों और सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्रहित में योगदान दें। वे शुक्रवार को शहर के एक होटल में अखिल भारतीय पटेल सेवा संघ की ओर से सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कहा, धनबाद प्रशासन पत्थर माफियाओं को मदद कर रहा
उन्होंने गोविंदपुर में पहाड़ काटने के मामले में सीधे तौर पर धनबाद जिला प्रशासन पर आरोप लगाया। महतो ने कहा कि पत्थर माफियाओं को मदद की जा रही है। झारखंड में जल, जंगल और जमीन ही समाप्त कर दिया जाएगा तो यहां बचेगा ही क्या। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की तरह दृढ़ संकल्पित होकर माफियाओं को समाप्त करना होगा।
उन्होंने सरदार पटेल की तस्वीर पर माल्यार्पण कर राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। विधायक महतो ने कहा कि उन्हें बिहार चुनाव में जाना है। उनके मित्र विपुल निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं, उन्हीं के चुनाव प्रचार के लिए वे बिहार जा रहे हैं। इस दौरान शहर के प्रमुख उद्योगपति व समाजसेवी एसके सिन्हा समेत संघ के अन्य सदस्य मौजूद थे।
घाटशिला उप चुनाव में प्रशासन के निशाने पर जेएलकेएम प्रत्याशी
घाटशिला उप चुनाव में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) प्रत्याशी को नोटिस जारी किए जाने पर जयराम महतो ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के नेता भी गाड़ियों पर चढ़ कर प्रचार करते हैं। कहा कि यदि नोटिस जारी करना है तो सभी को किया जाए। यह एकतरफा कार्यवाही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।