Gumla accident: टेंपो को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत, नौ घायल
गुमला में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए जब एक अज्ञात वाहन ने उनके टेंपो को टक्कर मार दी। घटना बांसडीह घाटी में हुई, जहाँ लोग दीपावली की खरीदारी के लिए जा रहे थे। एक अन्य घटना में, घाघरा में दो बाइकों की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

गुमला सदर अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है।
संवाद सहयोगी, गुमला। सदर थाना क्षेत्र के बांसडीह घाटी में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात सवारी वाहन ने टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टेंपो पलट गया।
हादसे में हर्रा डीपाटोली निवासी सुकरी देवी (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में हर्रा डीपाटोली निवासी बेनेदिक्ता लकड़ा (38), जय माला (10), दिनेश उरांव (25), पवन उरांव (22), जानकी देवी (40), बालमीत कुमारी (21), बिनसरी उरांव (50), अमन लकड़ा (13) और कमला देवी (40) शामिल हैं।
घायलों को टेंपो में लादकर इलाज के लिए भेजा गुमला सदर अस्पताल
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को टेंपो में लादकर गुमला सदर अस्पताल भेजा, जहां सभी का उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। घायलों ने बताया कि दीपावली और गुमला के साप्ताहिक हाट के कारण सभी लोग अपने घर के सामान और पर्व-त्योहार की खरीदारी के लिए टेंपो से गुमला शहर जा रहे थे।
इसी दौरान बांसडीह घाटी में पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टेंपो में टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सुकरी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी यात्री घायल हो गए। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।
दो बाइक में आमने-सामने टक्कर,चार गंभीर रूप से घायल
संवाद सूत्र, गुमला । घाघरा थाना क्षेत्र के देवाकी पेट्रोल पंप के समीप रविवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान सरांगो ग्राम निवासी अमन तुरी, मोहित तुरी, मोहनपुर सरांगो निवासी सुनीत भगत और धर्मपाल उरांव के रूप में की गई है। अमन तुरी और मोहित तुरी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घाघरा से अपने गांव सरांगो लौट रहे थे।
इसी दौरान विपरीत दिशा से सुनीत भगत और धर्मपाल उरांव अपनी बाइक पर घाघरा की ओर आ रहे थे। देवाकी पेट्रोल पंप के समीप दोनों बाइकों की सीधी टक्कर हो गई, जिससे चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा पहुंचाया, जहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच की। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया है तथा घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।