Hazaribagh News: फर्जी डॉक्टरों पर प्रशासन की सख्ती, चार झोला छाप चिकित्सक गिरफ्तार
हजारीबाग जिले के इचाक प्रखंड में प्रशासन ने फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। उपायुक्त के निर्देश पर हुई छापेमारी में चार झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार किए गए। ये डॉक्टर चिकित्सकीय योग्यता के प्रमाण पत्र दिखाने में विफल रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया कई डॉक्टर क्लिनिक बंद कर फरार हो गए। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

संवाद सूत्र, इचाक (हजारीबाग)। जिले के इचाक प्रखंड में फर्जी डॉक्टरों की बढ़ती गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। उपायुक्त के निर्देश पर चलाए गए विशेष छापामारी अभियान के तहत प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में प्रैक्टिस कर रहे झोला छाप डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान चार फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार किया गया।
छापामारी अभियान इचाक बाजार, कुरहा और इचाक मोड़ सहित कई स्थानों पर चलाया गया। पकड़े गए झोला छाप डॉक्टरों से जब चिकित्सकीय योग्यता संबंधी प्रमाणपत्र मांगे गए, तो वे दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ शुरू कर दी है।
गिरफ्तार किए गए फर्जी डॉक्टरों में प्रतिश राय, राहुल कुमार, रवि सहित अन्य दो लोग शामिल हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। छापामारी की भनक मिलते ही कई झोला छाप डॉक्टर अपने क्लीनिक बंद कर फरार हो गए।
इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी डॉ. मृत्युंजय कुमार ने बताया कि उपायुक्त द्वारा 10 दिन पूर्व एक टीम गठित कर फर्जी डॉक्टरों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इस टीम का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार को सौंपा गया था, जबकि टीम में थाना प्रभारी राजदीप कुमार और स्वयं चिकित्सा प्रभारी डॉ. मृत्युंजय कुमार भी शामिल थे।
उन्होंने बताया कि छापामारी के दौरान चार लोगों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर चिकित्सा प्रैक्टिस करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। डीसी के निर्देशानुसार यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।