पीएनएम बैठक का असर: चक्रधरपुर मंडल के 12 हजार कर्मचारियों को दिसंबर तक मिलेगा टीए-ओटी का बकाया
चक्रधरपुर मंडल के लगभग 12 हजार कर्मचारियों को जल्द ही टीए और ओटी का बकाया मिल सकता है। मेंस यूनियन द्वारा मुद्दा उठाने के बाद रेल प्रशासन ने दिसंबर 20 ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
जासं, जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे चक्रधरपुर मंडल के करीब 12 हजार कर्मचारियों को उनका लंबित ट्रैवल्स एलाउंस (टीए) और ओवर टाइम (ओटी) भुगतान जल्द ही मिल सकता है। मेंस यूनियन द्वारा लगातार उठाए जाने के बाद रेल प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि शेष बकाया राशि दिसंबर 2025 के अंत तक जारी कर दी जाएगी।
पीएनएम बैठक में उठा था मुद्दा
दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन के मंडल संयोजक एमके सिंह ने बताया कि टीए-ओटी भुगतान का मुद्दा लंबे समय से अटका हुआ था। इस मामले को उन्होंने मंडल स्तर से लेकर जोन स्तर तक आयोजित परमानेंट निगोशिएशन मैकेनिज्म (पीएनएम) की बैठक में मजबूती से उठाया।
इन प्रयासों के बाद रेल प्रशासन ने दीपावली से पहले 86 करोड़ रुपये का भुगतान कर्मचारियों को जारी किया था। शेष करीब सात करोड़ रुपये का भुगतान अब दिसंबर महीने के अंत तक किए जाने की उम्मीद है।
इन कर्मचारियों का बकाया है भुगतान
रेलवे में कार्यरत रनिंग कर्मचारी - गार्ड, लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, एसी मेंटेनेंस स्टाफ - यात्रा के दौरान सेवा देने वाले इंजीनियरिंग स्टाफ, चेकिंग स्टाफ का बकाया है।
इन सभी के लिए वित्तीय वर्ष 2021-22 और 2024-25 की लंबित राशि अभी तक जारी नहीं हो पाई थी। यूनियन ने इसे चुनावी मुद्दा बताया था।
मंडल संयोजक एमके सिंह ने कहा कि टीए और ओटी का भुगतान कर्मचारियों की मेहनत और अधिकार से जुड़ा विषय था। यह न सिर्फ उनका मुख्य मुद्दा था बल्कि यूनियन के चुनावी एजेंडे में भी शामिल था। उन्होंने बताया कि रेल प्रशासन ने उनकी बातों को गंभीरता से लिया है, जिसका प्रतिफल अब मिल रहा है।
कर्मचारियों में राहत की उम्मीद
सिंह ने कहा कि यह सिर्फ भुगतान नहीं है, बल्कि कर्मचारियों की मेहनत की पहचान है। पीएनएम में हमारा प्रयास सफल होता दिख रहा है। इसके लिए डीआरएम सहित सभी वरीय अधिकारी बधाई के पात्र हैं।”
लंबे समय से बकाया भुगतान का इंतजार कर रहे कर्मचारियों में अब राहत की उम्मीद जगी है। यूनियन का मानना है कि यदि सभी मदों का भुगतान समय पर हो जाए, तो कर्मचारियों का वित्तीय बोझ काफी कम होगा और उत्साह भी बढ़ेगा।
रेल प्रशासन की ओर से अब भुगतान प्रक्रिया को अंतिम चरण में बताया जा रहा है। यदि सब कुछ तय समयसीमा के अनुसार हुआ तो दिसंबर अंत तक सभी लंबित एरियर कर्मचारियों के खाते में पहुंच जाएंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।